HomeTrendingथाना समाधान दिवस में भूमि विवाद एवं अवैध कब्जे की शिकायतें छायीं

थाना समाधान दिवस में भूमि विवाद एवं अवैध कब्जे की शिकायतें छायीं

  • थाना समाधान दिवस में भूमि विवाद एवं अवैध कब्जे की शिकायतें छायीं

  • डीएम-एसएसपी ने मौके पर जांच के दिये निर्देश

तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
शिकोहाबाद, फिरोजाबाद। स्थानीय कोतवाली परिसर में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी संतोष शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जमीन की पैमाइश, खेतों की मेड़ तोड़ने, अवैध कब्जे और पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले प्रमुखता से सामने आए। अधिकारियों ने संबंधित राजस्व और पुलिस कर्मियों की संयुक्त टीमें बनाकर शिकायतों का मौके पर सत्यापन कराने के निर्देश दिए। ग्राम चितावली के बोरिया भाग निवासी राजकुमारी, बलराम सिंह, दलवीर सिंह और शिव सिंह ने शिकायत किया कि गाटा संख्या 143 में आवंटित कुरे की भूमि पर विपक्षी पक्ष जबरन नींव खोदकर निर्माण करा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार शिकोहाबाद और कोतवाली प्रभारी को मौके पर पहुंचकर निर्माण रुकवाने तथा आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नगला जवाहर भाग आवंटी निवासी तारा सिंह ने बताया कि उनके खेत की मेड़ तोड़कर गाटा संख्या 5 के कुछ हिस्से पर कब्जा कर लिया गया है। विरोध करने पर धमकी दिए जाने की बात भी शिकायत में कही गई। अधिकारियों ने मामले की जांच कर कब्जा हटवाने और नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। वहीं कधरा निवासी सुनाल कुमार ने गाटा संख्या 822 की पैमाइश का आदेश होने के बावजूद लेखपाल पर टालमटोल करने का आरोप लगाया। जिलाधिकारी ने तहसील प्रशासन को बिना देरी पैमाइश कराने के निर्देश दिए। करनपुर निवासी रानू यादव ने पारिवारिक विवाद के संबंध में ससुराल पक्ष के शेखपुरा स्थित मकानों की गाटा संख्या और नंबर की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस मामले में भी तहसील प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों को लंबित रखना या उनके निस्तारण में लापरवाही करना बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने भूमि विवाद और कब्जे से जुड़े मामलों में राजस्व तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में पक्षपात या जानबूझकर देरी सामने आने पर संबंधित कर्मचारी और अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। थाना समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी शिकोहाबाद, क्षेत्राधिकारी, कोतवाली प्रभारी सहित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

 

 

 

 

Must Read