मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य का सीएमओ ने लिया जायजा
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम बदन राम ने जसराना विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सुराया स्थित मतदेय स्थल संख्या-68 का निरीक्षण करके मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी लिया। साथ ही निर्वाचन से संबंधित अभिलेखों और मतदाता सूची का अवलोकन कर अभियान की प्रगति परखी। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के साथ मृतक, स्थानांतरित सहित अन्य अपात्र मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाने की प्रक्रिया भी पूरी सावधानी से की जाय।
सीएमओ ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटवाने और व्यक्तिगत विवरण में संशोधन के लिए निर्धारित फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी गंभीरता से कार्य करें। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से भी अभियान में भागीदारी करने की अपील किया। साथ ही कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर अपना नाम अवश्य शामिल कराएं। लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची का सही और अद्यतन होना आवश्यक है।











