बेहतर गोवंश संरक्षण पर गौशाला संचालक पवन मिश्रा सम्मानित

  • बेहतर गोवंश संरक्षण पर गौशाला संचालक पवन मिश्रा सम्मानित

  • मुख्य विकास अधिकारी एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया उत्साह

  • गौशाला में करीब 200 गोवंश की हो रही देखभाल

तेजस टूडे ब्यूरो
पवन मिश्रा
कौशाम्बी। जिले के हटवा अब्बासपुर में संचालित गोवंश संरक्षण केंद्र में बेहतर व्यवस्था, गोवंश की समुचित देखभाल और रख रखाव के प्रयासों को देखते हुए गौशाला संचालक पवन मिश्रा को सम्मानित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अशोक कुमार ने पवन मिश्रा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना किया। अधिकारियों ने कहा कि गोवंश संरक्षण के क्षेत्र में इस तरह की मेहनत और समर्पण अन्य गौशाला संचालकों के लिए भी प्रेरणादायक है।
हटवा अब्बासपुर स्थित गोवंश संरक्षण केंद्र में वर्तमान में लगभग 200 गोवंश संरक्षित हैं। इनकी देखभाल की जिम्मेदारी केंद्र के प्रभारी पवन मिश्रा और उनके कर्मचारियों द्वारा निभाई जा रही है। गौशाला में गोवंश को समय समय पर हरा चारा, भूसा और स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने के साथ ही उनके स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखा जाता है। बीमार और कमजोर गोवंश को आवश्यकता के अनुसार पशु चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। नियमित देखभाल और बेहतर प्रबंधन के चलते यहां गोवंश में बेहतरी पाई गई है।
मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने गौशाला की व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गोवंश संरक्षण केवल पशुओं को आश्रय देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल, खानपान और बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था सुनिश्चित करना भी उतना ही जरूरी है। हटवा अब्बासपुर के संरक्षण केंद्र में पवन मिश्रा और उनकी टीम द्वारा जिस लगन और जिम्मेदारी के साथ गोवंश की सेवा की जा रही है, वह सराहनीय है। करीब 200 गोवंश की देखभाल करना अपने आप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है जिसे केंद्र के कर्मचारी पूरी मेहनत से निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि जिले की अन्य गौशालाओं में भी इसी तरह गोवंश के खानपान, स्वास्थ्य और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए तो काफी हद तक पशु स्वास्थ्य होंगे। इससे निराश्रित गोवंश को सुरक्षित वातावरण मिलेगा और पशु संरक्षण की व्यवस्था भी मजबूत होगी। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने भी गौशाला की व्यवस्थाओं और गोवंश के स्वास्थ्य को लेकर किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि गौशालाओं में बेहतर प्रबंधन के लिए संचालकों और कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। समय समय पर चारा, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और उचित देखभाल से गोवंश को स्वस्थ रखा जा सकता है।
अधिकारियों ने यह भी कहा कि गोवंश संरक्षण के साथ पशुपालन को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी सकारात्मक प्रयास किए जाने चाहिए। स्वस्थ पशुओं से भविष्य में दूध, मक्खन, दही, घी जैसे पौष्टिक उत्पादों की उपलब्धता बढ़ाने की संभावनाएं भी मजबूत हो सकती हैं। कार्यकुशलता, समर्पण और गोवंश की बेहतर देखभाल के लिए मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अशोक कुमार ने पवन मिश्रा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मान मिलने पर गौशाला से जुड़े कर्मचारियों में उत्साह देखा गया। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी संरक्षण केंद्र में इसी तरह बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखी जायेगी।