HomeTrendingपरम्परागत रीति-रिवाज एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया करवा चौथ

परम्परागत रीति-रिवाज एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया करवा चौथ

  • परम्परागत रीति-रिवाज एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया करवा चौथ

  • महिलाओं ने पति की दीर्घायु एवं अखण्ड सौभाग्य की कामना के साथ रखा गया निर्जला व्रत, चन्द्र दर्शन के बाद किया पारण

तेजस टूडे सं.
मो. परवेज
लालगंज, रायबरेली। अखंड सौभाग्य और पति की दीर्घायु की कामना के साथ लालगंज कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं ने परंपरागत रीति-रिवाज और श्रद्धा के साथ करवा चौथ का पर्व मनाया। विवाहित महिलाओं ने पति की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए दिनभर निर्जला व्रत रखा। कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि पर मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह रहा। महिलाओं ने सुबह से ही पूजा-पाठ की तैयारियां शुरू कर दीं। शाम को विधि-विधान से करवा माता की पूजा-अर्चना कर कथा सुनी। इसके बाद चंद्रमा के दर्शन कर अर्घ्य दिया और पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रत का पारण किया। महिलाओं ने कहा कि उन्हें इस पारंपरिक त्योहार का पूरे साल बेसब्री से इंतजार रहता है। यह पर्व पति-पत्नी के बीच प्रेम, विश्वास और समर्पण का प्रतीक है।

ब्यूटी पार्लरों में दिन भर रही रौनक
करवा चौथ को लेकर लालगंज कस्बे और आसपास के गांवों में उत्साह देखने को मिला। महिलाएं सजने-संवरने और हाथों में मेंहदी लगवाने के लिए ब्यूटी पार्लरों तथा मेहंदी कलाकारों के यहां पहुंची। घरों में भी विशेष तैयारियां की गई। कॉस्मेटिक और श्रृंगार की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ रही जिससे बाजारों में रौनक बनी रही।

मिट्टी के करवा की बिक्री कम होने से कुम्हार मायूस
करवा चौथ पर बाजारों में चहल-पहल के बीच मिट्टी के करवा बनाने और बेचने वाले कुम्हार मायूस नजर आये। मिट्टी के कलाकार रवि प्रजापति ने बताया कि इस बार मिट्टी के करवा की बिक्री उम्मीद से काफी कम रही। पिछले कुछ वर्षों से लगातार बिक्री में गिरावट आ रही है। बड़ी संख्या में करवा बिकने से बच जाते हैं जिससे कारीगरों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। अब उन्हें दीपावली के त्योहार से बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।

 

 

 

 

Must Read