सड़क पर हुये गहरे गड्ढे बन रहे दुर्घटनाओं के सबब
तेजस टूडे सं.
बृजेन्द्र कुमार
डलमऊ, रायबरेली। लोक निर्माण विभाग की अनदेखी और लापरवाही के चलते डलमऊ क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कें अब राहगीरों के लिए मुसीबत बनती जा रही हैं। सड़कों पर जगह-जगह हुए बड़े-बड़े गड्ढे आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। मुराई बाग मुख्य चौराहे के पास सड़क पर हुए बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। आए दिन इन गड्ढो की चपेट में आकर दोपहिया वाहन चालक, ई-रिक्शा और साइकिल सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। खराब मौसम के चलते हो रही बारिश के कारण सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता है। शुक्रवार को दोपहर लगभग 2 बजे एक बड़ा हादसा होने से बच गया। रायबरेली रोड से मुराई बाग मुख्य चौराहे की ओर आ रहा एक ई-रिक्शा अचानक गड्ढे में फंसकर पलट गया जिससे उसमें बैठी सवारियां भी सड़क पर गिर गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से ई-रिक्शा को गड्ढे से बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई चोटिल नहीं हुआ। कस्बे के अमित, सुधीर, अरविंद, कुलदीप, राजू, मुन्ना, श्रवण, सुशील, योगेश, दीपांशु, आशुतोष सहित अन्य लोगों ने बताया कि डलमऊ कस्बे की अधिकांश सड़कें बदहाल स्थिति में हैं। मुराई बाग मुख्य चौराहे के पास बने गड्ढों के चलते आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। कस्बे से प्रतिदिन हजारों की संख्या में गुजरने वाले छोटे एवं बड़े वाहनों के आवागमन से गड्ढे लगातार गहरे और बड़े होते जा रहे हैं जिससे हादसों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और गड्ढों को भरवाने की मांग की है जिससे भविष्य में होने वाली किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।











