Jaunpur News : 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवक/युवती मतदाता सूची में होंगे शामिलः राम सुधार
कम्पोजिट विद्यालय तारा में हुआ मतदाता पुनरीक्षण अभियान कार्यक्रम
जौनपुर। मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत कम्पोजिट विद्यालय तारा (उमरी) में तहसीलदार केराकत रामसुधार व खंड शिक्षा अधिकारी मुफ्तीगंज संजय यादव की उपस्थिति में मतदाता पुनरीक्षण अभियान कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ। इस मौके पर मुख्य अतिथि तहसीलदार राम सुधार ने ग्रामवासियों को जागरूक करते हुए बताया कि 1 जनवरी 2022 तक 18 वर्ष की उम्र को पूरा करने वाले प्रत्येक युवक-युवतियों को मतदाता सूची में सम्मिलित होने का संवैधानिक अधिकार है, इसलिए जो भी नये युवा हैं, वह इस अभियान में सम्मिलित होकर अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य सम्मिलित करवा लें।

विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी संजय यादव ने ग्रामवासियों को जागरूक करते हुए कहा कि लोकतंत्र में संविधान द्वारा हमें मतदान की बहुत बड़ी ताकत मिली है, इसलिए हम सभी की जिम्मेवारी है कि हम लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए लोगों को जागरूक करें। इससे पहले ग्राम प्रधान तारा जय प्रकाश सिंह व प्रधानाध्यापक राजेश सिंह के नेतृत्व में तहसीलदार व खंड शिक्षा अधिकारी मुफ्तीगंज को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम समापन के पश्चात तहसीलदार ने विद्यालय में पौधरोपण किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने किया। इस अवसर पर दशरथ राम, सचिंद्रनाथ यादव, अनिल पांडेय, प्रियंका सिंह, मधु रानी, सर्वेश, अवनीश, संतोष यादव आदि उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








