HomeJaunpurजल जीवन मिशन के सरकारी पाइप निजी मकान की छत पर छिपाने...

जल जीवन मिशन के सरकारी पाइप निजी मकान की छत पर छिपाने का आरोप

  • जल जीवन मिशन के सरकारी पाइप निजी मकान की छत पर छिपाने का आरोप

तेजस टूडे ब्यूरो
सुधीर सोनी
करनैलगंज, गोंडा। स्थानीय तहसील के कटरा बाजार क्षेत्र अन्तर्गत एक ग्राम पंचायत में जल जीवन मिशन के तहत पानी की आपूर्ति के लिए उपलब्ध कराए गए सरकारी पाइपों को कथित रूप से अपने निजी मकान की छत पर छिपाकर रखने का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम टेढ़ी निवासी हरिओम तिवारी ने कटरा बाजार थाने में प्रार्थना पत्र देकर राजस्व विभाग में तैनात लेखपाल संदीप कुमार तिवारी के खिलाफ सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग और गबन का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करने की मांग किया है।
पुलिस को दिये गये शिकायती पत्र में हरिओम तिवारी ने आरोप लगाया है कि उनके पड़ोस में रहने वाले लेखपाल संदीप कुमार तिवारी ने अपने सरकारी पद का कथित रूप से दुरुपयोग करते हुए जल जीवन मिशन के तहत गांव में पानी की आपूर्ति के लिए उपलब्ध कराए गए बड़े काले पाइपों को अवैध रूप से अपने कब्जे में ले लिया है। आरोप है कि इन पाइपों को उनके निजी मकान की छत पर छिपाकर रखा गया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, मकान की छत पर रखे पाइपों पर ‘SWSM-Jal Jeevan’, ‘TEXMO HDPE’ और ‘DN 140’ अंकित है। उनका दावा है कि इन निशानों से पाइपों के सरकारी योजना से संबंधित होने की पुष्टि होती है। इस संबंध में उन्होंने अपने शिकायती पत्र के साथ पाइपों की तस्वीरें भी संलग्न की हैं।
हरिओम तिवारी ने बताया कि इस कथित भ्रष्टाचार और सरकारी सामग्री के गबन की शिकायत मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी दर्ज कराई गई है। शिकायत संख्या 40018326057618 है। अब उन्होंने थाना कटरा बाजार पुलिस से मामले का स्थलीय निरीक्षण कराकर छत पर रखे पाइपों को बरामद करने और संबंधित लेखपाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा अन्य सुसंगत कानूनी प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग किया है। प्रार्थी ने पुलिस से मौके पर टीम भेजकर साक्ष्यों की जांच करने और सरकारी संपत्ति की बरामदगी सुनिश्चित करने की अपील किया है।

 

 

 

 

Must Read