HomeJaunpurJaunpur News: जौनपुर में 22 नवम्बर को पुलिस लाइन्स में होगा वृहद...

Jaunpur News: जौनपुर में 22 नवम्बर को पुलिस लाइन्स में होगा वृहद ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन

  • जौनपुर में 22 नवम्बर को पुलिस लाइन्स में होगा वृहद ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन

  • आपदा से निपटने की तैयारियों का होगा परीक्षण

तेजस टूडे ब्यूरो
शुभांशू जायसवाल
जौनपुर। नागरिक सुरक्षा के अंतर्गत किसी भी आकस्मिक अथवा आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से 22 नवम्बर को सायं 6 बजे से पुलिस लाइन्स में नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा वृहद ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानन्द झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मॉक ड्रिल के सफल आयोजन के लिए कानून-व्यवस्था, यातायात, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन, पुलिस सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर ली जायं। साथ ही कहा कि इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के मध्य आपसी समन्वय, उपलब्ध संसाधनों की कार्यक्षमता तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली का परीक्षण करना है जिससे किसी भी आपदा अथवा आकस्मिक घटना के दौरान जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
नगर मजिस्ट्रेट/उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा महीपाल सिंह ने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान निर्धारित समय सारिणी के अनुसार विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों का प्रदर्शन किया जाएगा। 22 नवम्बर को सायं 6 बजे सामान्य जनजीवन के प्रदर्शन के साथ मॉक ड्रिल का शुभारंभ होगा। इसके पश्चात 6:05 बजे हवाई हमले की सूचना (रेड अलर्ट) के संकेत के रूप में दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाया जाएगा तथा पुलिस लाइन्स एवं आसपास के निर्धारित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर ब्लैक आउट की स्थिति बनाई जाएगी। इस दौरान नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों द्वारा लोगों को सुरक्षित स्थानों एवं बंकरों में पहुंचाने का अभ्यास किया जाएगा।
सायं 6:08 बजे स्थानीय पुलिस के सहयोग से नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों द्वारा दुश्मन के ड्रोन को निष्क्रिय करने की कार्रवाई का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद 6:10 बजे हवाई हमले की समाप्ति का संकेत देने के लिए ग्रीन सिग्नल के साथ दो मिनट तक एक ही सुर में सायरन बजाया जाएगा। 6:12 बजे घटना नियंत्रण अधिकारी द्वारा स्थिति का आकलन कर नियंत्रण कक्ष को सूचना उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके उपरांत 06:13 बजे व्यापक स्तर पर आपातकालीन बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास किया जाएगा। इसमें गैस सिलेंडर एवं पेट्रोल से लगी आग बुझाने, फायर सूट पहनकर घर में फंसे व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा स्ट्रेचर के माध्यम से एम्बुलेंस तक पहुंचाने का प्रदर्शन होगा। साथ ही ऊंची इमारत से जाल के माध्यम से रेस्क्यू, क्षतिग्रस्त कार का शीशा तोड़कर तथा दीवार काटकर अंदर फंसे घायलों को सुरक्षित निकालने जैसी गतिविधियां भी प्रदर्शित की जाएंगी। सायं 6:30 बजे एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर अग्रिम राहत एवं बचाव कार्यों की कमान संभालेंगी।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 21 नवम्बर को इसका अभ्यास भी सायं 6 बजे पुलिस लाइन में होगा। इस प्रकार के अभ्यास से आपातकालीन परिस्थितियों में संबंधित विभागों की तत्परता, कार्यक्षमता एवं समन्वय को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करते हुए मॉक ड्रिल को व्यवस्थित, प्रभावी एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें। प्रशासन द्वारा पुलिस लाइन्स सहित आस—पास के निर्धारित क्षेत्रों में सायं 06:00 बजे से विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित किए जाने की जानकारी देते हुए आमजन से अपील की गई कि वे इस दौरान घबराएं नहीं। यह विद्युत कटौती केवल मॉक ड्रिल के अभ्यास का हिस्सा होगी। नागरिकों से अपील की गई कि वे प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट महीपाल सिंह, चीफ वार्डन डॉ. मनोज वत्स, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, एआरटीओ सत्येन्द्र कुमार सहित पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य, अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी तथा विभिन्न क्लबों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Must Read