सांसद सीमा द्विवेदी पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में युवती गिरफ्तार
तेजस टूडे सं.
तरूण चौबे
सुजानगंज, जौनपुर। राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी के खिलाफ इंस्टाग्राम पर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में सुजानगंज पुलिस ने 19 वर्षीय युवती तनु तिवारी उर्फ तनवी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार बीते 20 अक्टूबर को सांसद की मीडिया टीम के प्रतिनिधि अंजनी तिवारी उर्फ पंकज ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि इंस्टाग्राम आईडी से सांसद के संबंध में आपत्तिजनक एवं अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए टिप्पणी की गई थी। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी बदलापुर अजय राय के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अमित पांडेय और महिला कांस्टेबल पल्लवी सिंह शामिल रहीं।













