नहर ओवर फ्लो से गेहूं की फसल जलमग्न, किसानों में आक्रोश
तेजस टूडे सं.
डा. प्रदीप दूबे
सुइथाकला, जौनपुर। नहर विभाग की उदासीनता ने एक बार फिर किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। शनिवार रात जहांगीर पट्टी से कटघर हरिजन बस्ती तक पहुंचने वाले माइनर में पानी ओवर फ्लो हो गया जिससे कटघर गांव के दर्जनभर किसानों के करीब 10 बीघे रबी फसलें जलमग्न हो गईं। सुबह यह नजारा देख ग्रामीणों में विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश फैल गया। किसानों का आरोप है कि माइनर का हरिजन बस्ती तक खत्म होना ही ओवर फ्लो की मुख्य वजह है। इससे समय-समय पर फसलें नष्ट हो रही हैं। प्रभावितों में महेश दूबे व पन्ना लाल हलवाई के दो-दो बीघा, मुर्तजा का एक बीघा गेहूं, सीताराम विश्वकर्मा के 10 बिस्वा आलू समेत अन्य की फसलें शामिल हैं। कभी पानी की कमी से सूखा तो कभी ओवर फ्लो से बर्बादी का सामना कर रहे किसान चिंतित हैं। कुछ किसान मोटर चलाकर खेतों से पानी निकालने में जुटे हैं। किसान महेश दूबे ने कहा, “विभाग की लापरवाही से हमारी साल भर की कमाई डूब गई। तत्काल माइनर की मरम्मत होनी चाहिए। विभागीय अधिकारियों से सम्पर्क का प्रयास किया गया लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










