सौहार्द स्वास्थ्य शिविर में 94 मरीजों का हुआ उपचार
तेजस टूडे सं.
विपिन मौर्य
मछलीशहर, जौनपुर। रामलखन मौर्य की स्मृति में जन कल्याण फाउंडेशन की ओर से सौहार्द स्वास्थ्य शिविर का आयोजन मछलीशहर के कमालपुर स्थित मौर्य जनसेवा केंद्र पर हुआ जहां आस—पास के ग्रामीणों ने पहुंचकर नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श और दवाओं का लाभ उठाया।
राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय बीबीपुर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. उदयराज मौर्य ने कुल 94 मरीजों का परीक्षण किया। अधिकतर मरीज सर्दी, जुकाम और खांसी से पीड़ित पाये गये। चिकित्सक ने मौसम में बदलाव के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर जोर देते हुए कहा कि ठंड के मौसम में सर्दी-जुकाम और खांसी को हल्के में नहीं लेना चाहिए। समय पर डॉक्टर से परामर्श न लेने पर समस्या गंभीर रूप ले सकती है।
डॉ. मौर्य ने शिविर में एनीमिया के विषय में भी विस्तार से जानकारी देते हुये बताया कि कमजोरी, चक्कर आना और थकान जैसे लक्षणों को नजरअंदाज करना घातक हो सकता है। संतुलित आहार, समय-समय पर जांच और चिकित्सकीय सलाह से एनीमिया पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। कार्यक्रम आयोजक और जन कल्याण फाउंडेशन के अध्यक्ष सिकन्दर बहादुर मौर्य ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। भविष्य में भी ऐसे सौहार्दपूर्ण और जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर राज बहादुर यादव, संतोष कुमार, जिलाजीत, सुनील, योगेन्द्र, दूधनाथ, पवन, महेंद्र कुमार, नीलेश, अंकित, उर्मिला और पारस सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










