HomeJaunpurJaunpur News: शिकारपुर पुलिस चौकी का ग्रामीणों ने किया घेराव

Jaunpur News: शिकारपुर पुलिस चौकी का ग्रामीणों ने किया घेराव

  • शिकारपुर पुलिस चौकी का ग्रामीणों ने किया घेराव

  • मामला दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार करने का

  • पुलिस ने लाठियां भांजकर खदेड़ा, आवागमन बहाल

तेजस टूडे सं.
विरेन्द्र यादव
सरायख्वाजा, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के एक गांव की युवती के साथ दुष्कर्म के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार को शिकारपुर पुलिस चौकी का घेराव करके तिराहे पर रास्ता जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों के समझाने पर भी नहीं माने ग्रामीण तो पुलिस ने लाठियां भांजकर खदेड़ दिया। इस दौरान जौनपुर-खुटहन व बैजारामपुर मार्ग पर लगभग 2 घण्टे आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।

बताया गया कि युवती के साथ बीते 7 सितम्बर को दुष्कर्म हुआ था। पीड़िता के स्वजन एवं ग्रामीणों का आरोप है कि कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही करने की बजाय मामले के लीपा—पोती में जुटी है। इसी से क्षुब्ध परिजन व बड़ी संख्या में ग्रामीण शनिवार की सुबह 9 बजे शिकारपुर पुलिस चौकी पहुंचकर घेराव करते हुये नारेबाजी करने लगे।

चौकी पर प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने शिकारपुर तिराहा पर सड़क पर बैठकर रास्ता जाम कर दिया। इसके चलते जौनपुर, खुटहन एवं बैजारामपुर मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। जानकारी होने पर उपजिलाधिकारी सदर सहित सरायख्वाजा, लाइन बाजार व खुटहन थाने की फोर्स मौके पर पहुंच गयी। उपजिलाधिकारी ने प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर कार्यवाही का आश्वासन दिया लेकिन ग्रामीण गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। लगभग 2 घण्टे बाद भी प्रदर्शनकारी रास्ता जाम समाप्त करने की तैयार नहीं हुये तो पुलिस ने लाठियां भांजकर उन्हें खदेड़ दिया। इस दौरान तिराहा पर वाहनों की लम्बी कतारें लगी रहीं। जाम में फंसे सैकड़ों लोग परेशान रहे। इस बाबत पूछे जाने पर सरायख्वाजा थाना प्रभारी राजेश सिंह ने कहा कि पीड़ित पक्ष की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर छानबीन कर विधिक कार्यवाही की जायेगी।

 

 

 

 

Must Read