एनसीसी एयर विंग कैडेट्स ने निकाली स्वच्छता जागरूकता रैली
तेजस टूडे सं.
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं स्वच्छ भारत अभियान पर सेंट थॉमस इंटर कॉलेज शाहगंज में स्वच्छता एवं जनजागरूकता को लेकर कार्यक्रम किया गया। विद्यालय के NCC एयर विंग कैडेट्स ने स्वच्छता का संदेश देते हुए जागरूकता रैली निकाली।
रैली में शामिल कैडेट्स ने हाथों में स्वच्छता संबंधी संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। कैडेट्स ने लोगों से अपने आस—पास के सार्वजनिक स्थलों, सड़कों और विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने तथा कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील किया। रैली के दौरान स्वच्छता अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
इस दौरान प्रधानाचार्य फादर आनन्द लकड़ा ने महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों को याद करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि दैनिक जीवन का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं स्वच्छ रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। NCC अधिकारी सतीश मसीह के निर्देशन में कैडेट्स ने रैली में उत्साहपूर्वक सहभागिता किया। पूर्व कैप्टन बी.पी. जॉन ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वच्छता और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला।











