संचारी रोगों से बचाव को लेकर चला विशेष अभियान, 18 से 31 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
लोगों को साफ-सफाई व मच्छरों से बचाव के लिये किया जायेगा जागरूक
तेजस टूडे सं.
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। संचारी रोगों की रोकथाम एवं बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष संचारी रोग अभियान एवं दस्तक अभियान चलाया जाएगा। जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार विशेष संचारी रोग अभियान 18 से 31 अक्टूबर तक, जबकि दस्तक अभियान 12 अक्टूबर से 3 नवम्बर तक चलेगा। अभियान के दौरान लोगों को संक्रामक रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जायेगा।
अभियान के तहत लोगों से घरों के आस—पास पानी जमा न होने देने, नालियों की नियमित सफाई कराने तथा कूलर और फ्रिज की सफाई करने की अपील की गई है। इसके अलावा रुके हुए पानी में मिट्टी का तेल डालने तथा मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी, मच्छररोधी साधनों आदि का प्रयोग करने की सलाह दी गई है।
लोगों को घर के आस—पास झाड़ियों की सफाई रखने, पशुओं को घर से दूर रखने तथा खुले में रखे पानी के बर्तनों को ढककर रखने के लिए भी जागरूक किया जाएगा। घर में रखी अनुपयोगी वस्तुओं, पुराने टायर, टूटे-फूटे सामान आदि को हटाने पर जोर दिया गया है, ताकि इनमें पानी जमा होकर मच्छरों का प्रजनन न हो सके। लोगों को पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी जायेगी। पीने के पानी को सुरक्षित रखने तथा आवश्यकता के अनुसार पानी को क्लोरीनयुक्त कर इस्तेमाल करने के लिए भी जागरूक किया जायेगा। भोजन करने से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने की आदत अपनाने पर विशेष जोर रहेगा।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से अपील की गयी कि किसी भी व्यक्ति में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर उसे नजरअंदाज न करें और समय से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय परामर्श लें। अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मी घर-घर पहुंचकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगे।











