परिवहन एवं यातायात पुलिस ने किया सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम
तेजस टूडे ब्यूरो
अजय पाण्डेय
जौनपुर। यातायात नियमों के प्रति आम जनमानस को जागरूक करने तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से मनाए जा रहे ‘सड़क सुरक्षा पखवाड़ा’ के अंतर्गत होली चाइल्ड स्कूल में परिवहन एवं यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम किया गया। उक्त कार्यक्रम में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सत्येन्द्र सिंह ने उपस्थित छात्र/छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि खतरनाक तरीके से वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन न चलाने, बिना हेलमेट के दो चक्का वाहन न चलाने एवं बिना सीट बेल्ट लगाये चार पहिया वाहन न चलाये जाने हेतु अपील किया। साथ ही जनपद के समस्त स्कूल प्रबन्धको को निर्देशित किया गया कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद में संचालित समस्त स्कूली बसों एवं वैन की फिटनेस, परमिट, बीमा, फर्स्ट-एड बॉक्स सहित अन्य सुरक्षा मानकों को पूर्ण करने के उपरान्त ही वाहन संचालन करें। सभी वाहन चालकों एवं स्कूल प्रबंधनों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात सुनील चन्द्र तिवारी, यात्री/मालकर अधिकारी प्रमोद कुमार, संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) अशोक यादव, यातायात निरीक्षक मनोज पाण्डेय, संग्राम यादव सहित यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग के समस्त अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।











