HomeJaunpurJaunpur News: राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने छात्राओं को रक्षा सेवाओं...

Jaunpur News: राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने छात्राओं को रक्षा सेवाओं में कैरियर बनाने के लिये किया प्रेरित

  • राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने छात्राओं को रक्षा सेवाओं में कैरियर बनाने के लिये किया प्रेरित

तेजस टूडे ब्यूरो
जौनपुर। राष्ट्रीय महिला आयोग भारत सरकार की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने टीडी इंटर कॉलेज के सभागार में आयोजित ‘She Serves’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा महिलाओं एवं छात्राओं को भारतीय सशस्त्र बलों में उपलब्ध करियर के अवसरों से परिचित कराना, रक्षा सेवाओं में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें इस क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने के लिए प्रेरित एवं मार्गदर्शित करना रहा। माँ सरस्वती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके उपरांत विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया।
‘She Serves’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती रहाटकर ने कहा कि आज देश की बेटियां शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, खेल और प्रशासन सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा एवं सामर्थ्य का परिचय दे रही हैं। राष्ट्रीय महिला आयोग का उद्देश्य है कि सही जानकारी एवं मार्गदर्शन के अभाव में कोई भी बेटी अपने सपनों से समझौता न करे। पिछले एक दशक में रक्षा क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी में ऐतिहासिक बदलाव आया है। आज महिलाएं न केवल स्थायी कमीशन प्राप्त कर रही हैं, बल्कि भारतीय वायुसेना में फाइटर पायलट, नौसेना में ऑपरेशनल भूमिकाओं तथा राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के माध्यम से सशस्त्र बलों में नेतृत्व की जिम्मेदारियां भी निभा रही हैं।
उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों में सेवा करना केवल रोजगार का अवसर नहीं, बल्कि सम्मान, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्र सेवा का गौरवशाली मार्ग है। बेटियों को अपने भीतर आत्मविश्वास, साहस और नेतृत्व क्षमता विकसित करनी चाहिए तथा बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। मंच पर उपस्थित कीर्ति चक्र से सम्मानित एवं सी०ओ० शाहगंज प्रतिमा वर्मा का उदाहरण देते हुए छात्राओं से उनके साहस, समर्पण और देशभक्ति से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि रक्षा सेवाओं में आगे बढ़ने के लिए शारीरिक रूप से स्वस्थ होने के साथ मानसिक रूप से भी सशक्त होना आवश्यक है।
इसी क्रम में राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने बेटियों की भूमिका, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान तथा कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के अभिनंदन में अपने विचार व्यक्त किया। साथ ही कहा कि आज देश की बेटियां आत्मनिर्भर बनकर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रही हैं और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान कर रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2047 में जब देश विकसित भारत के संकल्प को साकार करेगा, तब उसमें बेटियों की सबसे महत्वपूर्ण और बड़ी हिस्सेदारी होगी। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए समस्त विद्यालय परिवार, जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह, डिप्टी डायरेक्टर सहित उपस्थित अधिकारियों एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसके पश्चात श्रीमती रहाटकर ने विकास भवन सभागार में महिला जनसुनवाई किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित महिलाओं की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुये कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाना, उनके अधिकारों की रक्षा करना तथा उन्हें सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता बिन्द, प्रधानाचार्य सत्य प्रकाश सिंह, क्षेत्राधिकारी शाहगंज प्रतिमा वर्मा, एन०सी०सी के सी०ओ०, डी०पी०ओ० विजय पांडेय आदि उपस्थित रहे। वहीं विकास भवन में पुलिस अधीक्षक डॉ० यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नरेन्द्र बहादुर सिंह सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Must Read