प्रभारी मंत्री ने जौनपुर में प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक में की विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
जनपद में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें, जर्जर तारों एवं विद्युत खम्भों को शीघ्र बदलें: एके शर्मा
तेजस टूडे ब्यूरो
जौनपुर। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जौनपुर के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक हुई। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप पूरी संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं तत्परता के साथ कार्य करने तथा विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाय।
प्रभारी मंत्री ने जनपद की विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुये उन्होंने ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, जर्जर विद्युत तारों एवं खंभों को बदलने के कार्यों में तेजी लाने तथा क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों से संबंधित शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। किसानों की सिंचाई आवश्यकताओं के दृष्टिगत पर्याप्त एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से भी जनपद की विद्युत व्यवस्था के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।
प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए डेंगू से प्रभावित मरीजों के संबंध में जानकारी प्राप्त किया। साथ ही जिला चिकित्सालय, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों, आवश्यक दवाओं एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, संस्थागत प्रसव एवं जननी सुरक्षा योजना का लाभ पात्र महिलाओं को उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जनपद में सड़क निर्माण, चौड़ीकरण एवं गड्ढा मुक्ति के कार्यों की समीक्षा करते हुए इन्हें शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये जिससे शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा और बेहतर हो सके। उन्होंने पुलिस विभाग को जनपद की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश भी दिये। समाज कल्याण सहित विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़े विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
बैठक में विधायक शाहगंज रमेश सिंह, विधायक मड़ियाहूं डॉ. आर.के. पटेल, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष जौनपुर अजीत प्रजापति, मछलीशहर जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, जिलाधिकारी उमेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नरेन्द्र बहादुर सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।











