भारत की ज्ञान प्रणाली व्यक्ति को सार्थक बनाने की बात करती है: प्रो. रामसेवक
तेजस टूडे सं.
तरुण चौबे
सुजानगंज, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के रघुवीर स्वायत्तशासी महाविद्यालय थलोई भिखारीपुर कला में शिक्षक शिक्षा विभाग एवं भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान संस्थान दिल्ली द्वारा प्रायोजित दो दिवसीय संगोष्ठी कार्यक्रम हुआ। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की आत्मा भारतीय ज्ञान प्रणाली विषय पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. रामसेवक दुबे पूर्व कुलपति जगतगुरु रामानंदाचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय जयपुर ने कहा कि व्यक्ति का सार्थक होना सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। भारत की ज्ञान प्रणाली व्यक्ति को सार्थक बनाने की बात करती है तथा यह तभी संभव है जब व्यक्ति का चरित्र उपयोगी हो। भारतीय ज्ञान परंपरा विद्या और अविद्या दोनों के ज्ञान की बात कहती है, क्योंकि दोनों के ज्ञान से ही पूर्ण ज्ञान संभव है।
विशिष्ट अतिथि प्रो. अजय द्विवेदी विभागाध्यक्ष टी.डी.पी.जी. कॉलेज, सेवानिवृत प्रोफेसर जगदीश सिंह दीक्षित, प्रो. अनिल गिरी विभागाध्यक्ष इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रो0 राजेश तिवारी नेहरू ग्राम भारती विश्वविद्यालय प्रयागराज ने भी नई शिक्षा नीति पर अपना विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो पी.एन. सिंह निर्देशक अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र काशी हिंदू विश्वविद्यालय एवं संचालन महाविद्यालय की छात्र श्रद्धा शुक्ला, लक्ष्मी यादव ने संयुक्त रूप से किया। सभी अतिथियों एवं संगोष्ठी में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के प्रति विद्यालय के प्रबन्धक डा. जय प्रकाश त्रिपाठी ने आभार व्यक्त किया। संगोष्ठी में प्रथम दिन 20 से अधिक शोध पत्र का वाचन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ अश्वनी गुप्ता, डॉ. अरविंद कुमार, प्रो0 मिथिलेश तिवारी, निखिलेश तिवारी, डॉ विनय त्रिपाठी, डॉ संजू शुक्ला, डॉ रंजना मिश्रा सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।











