एक सप्ताह से लापता किशोरी का अभी तक नहीं चला पता
आरोपी साहिल अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज
तेजस टूडे सं.
अतुल जायसवाल
रामपुर, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के सेहरा गांव से 17 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी के लापता होने के करीब एक सप्ताह बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका है। परिजन उसकी तलाश में परेशान हैं और घर में मातम जैसा माहौल बना हुआ है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार बीते 21 नवम्बर की सुबह किशोरी घर से दवा लेने के लिए निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आस—पास के इलाकों में खोजबीन करने के बावजूद किशोरी का पता नहीं चल सका।
परिजनों ने गांव नई बस्ती (सेहरा) निवासी साहिल अली पर किशोरी को ले जाने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर रामपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 87 और 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है लेकिन अभी तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी है।
मामले की जांच उपनिरीक्षक संतोष सिंह को सौंपी गई है। पुलिस किशोरी की तलाश और मामले की जांच में जुटी है। एक सप्ताह बीतने के बाद भी किशोरी का पता नहीं चलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार को अब भी बेटी के सुरक्षित वापस लौटने की उम्मीद है।











