Jaunpur News : केराकत का ऐतिहासिक दशहरा मेला हुआ सम्पन्न
रावण दहन होते ही जय श्री राम के उद्घोष से गूंज उठा क़स्बा
केराकत, जौनपुर। स्थानीय कस्बे का ऐतिहासिक दशहरा मेला सोमवार को धूमधाम से सम्पन्न हुआ। नार्मल स्कूल के मैदान में आयोजित कार्यक्रम में दशानन का वध होते ही श्रीराम की जयकार गूंज उठी। बच्चों और महिलाओं ने मेले का जी भर कर लुत्फ उठाया। दोपहर बाद रामलीला मैदान से भगवान श्रीराम और लक्ष्मण का रथ कस्बे की तरफ रवाना हुआ। इसके पूर्व रामलीला समिति के प्रबन्धक संजय प्रजापति डब्लू, सुशील पटवा, राजकुमार छोटू, चन्द्र प्रकाश गोले, गुड्डू सेठ, मनोज कुमार कमलापुरी आदि ने प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण की आरती उतारी। राम और लक्ष्मण का रथ देखने के लिये जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
महिलाओं ने पुष्प वर्षा कर प्रभु की अराधना की। कस्बे में भ्रमण के बाद राम, लक्ष्मण का रथ नार्मल स्कूल के मैदान में पहुंचा। यहां घण्टों राम और रावण के बीच युद्ध चला। हर तरफ जय श्री राम की जयकार सुनाई दे रही थी। युद्ध में रावण के चित होने पर उसका पुतला जलाया गया। मेला स्थल लोगों की भीड़ से खचाखच भरा रहा। महिलाओं ने श्रृंगार, गृहस्थी के सामान और बच्चों ने खिलौने खरीदे। चाट पकौड़े की दुकानें ग्राहकों से गुलजार रही। भीड़ के चलते सुरक्षा के भी व्यापक प्रबन्ध किये गये थे। देर शाम तक मेला स्थल महिलाओं, पुरुषों और बच्चों से गुलजार रहा।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













