डीएम के नेतृत्व में खनन माफिया पर चला कहर
डिप्टी कलेक्टर पूजा गुप्ता का ओरा-डिघरी घाट पर आधी रात को धावा

तेजस टूडे ब्यूरो
शिवमंगल अग्रहरि
पहाड़ी, चित्रकूट। स्थानीय थाना क्षेत्र के ओरा डिघरी घाट जिस घाट पर दिन में पोकलैंड चल रही थी, जिस घाट की खबर से हड़कंप मचा था, उसी ओरा-डिघरी घाट पर अब प्रशासन ने ऐसा हंटर चलाया है कि खनन माफिया की नींद उड़ गई है। चित्रकूट डीएम पुलकित गर्ग के कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में चल रहे अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान में *राजापुर की डिप्टी कलेक्टर पूजा गुप्ता ने कल देर रात ऐसी कार्रवाई कर दी जिसकी चर्चा पूरे जिले में हो रही है।
आधी रात का छापा, माफिया को भनक तक नहीं लगी
सूचना मिली थी कि ओरा-डिघरी घाट से रवन्ना कहीं का, बालू का परिवहन कहीं से हो रहा है। यानी कागज दिखाया जा रहा है एक घाट का और बालू लूटी जा रही है दूसरे घाट से। इसी सूचना पर डिप्टी कलेक्टर पूजा गुप्ता ने देर रात अचानक ओरा-डिघरी घाट पर छापा मार दिया। मौके पर बालू का परिवहन कर रहे 7 ट्रकों को रोककर जांच की गई।
जांच में बड़ा खुलासा हुआ
सभी 7 ट्रकों के रवन्ना फर्जी पाये गये। इसके बाद देर नहीं की गई। सभी 7 ट्रकों को मौके पर ही सीज कर दिया गया और सभी पर कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
डिप्टी कलेक्टर पूजा गुप्ता का दो टूक ऐलान
मेरे क्षेत्र में कहीं भी अवैध खनन नहीं होना चाहिए, एवं ओवरलोडिंग कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध खनन करने वाले एवं ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।” ये सिर्फ एक बयान नहीं है, ये खनन माफिया के लिए खुली चेतावनी है।
अब जिले में दो नामों का खौफ
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के नेतृत्व में पूरा जिला प्रशासन अवैध खनन पर टूट पड़ा है।
डिप्टी कलेक्टर रात में भी घाट पर पहुंचकर फर्जी रवन्ना पकड़ रहीं
दरसेडा में लोकेशन गैंग की गिरफ्तारी, डिघरी में पोकलैंड का खुलासा, सुरवल में रात के खनन की खबर और अब ओरा-डिघरी घाट पर 7 ट्रकों की सीज। ये साफ बता रहा है कि अब चित्रकूट में माफिया की मनमानी नहीं चलेगी। अब ओवरलोडिंग करने वाले भी कान खोलकर सुन लें- अगर ट्रक ओवरलोड मिला, रवन्ना फर्जी मिला, तो ट्रक सीज होगा, FIR होगी और जेल भी जाना पड़ सकता है।
जनता अब खुलकर कह रही
अगर ऐसी ही कार्रवाई लगातार होती रही तो चित्रकूट की नदियां भी बचेंगी और सड़कें भी बचेंगी।







