JAUNPUR NEWS : निरन्तर अभ्यास व लक्ष्य पर ध्यान केन्द्रित करने से ही मिलती है सफलता: श्रुति यादव
डोभी की बाला का अण्डर 15 महिला क्रिकेट में हुआ चयन, क्षेत्र में छायी खुशी
पैतृक आवास पर बधाई देने वालों का लगा तांता
अमित कुमार गुप्ता
चन्दवक, जौनपुर। ना कर शिकवा अगर तू अकेला है, गर हौसले बुलंद हैं तो सारा जग तेरा है” को चरितार्थ करते हुए जौनपुर की बेटी श्रुति यादव ने अपने संघर्ष, परिश्रम, लगन, मेहनत और निष्ठा की आधारशिला पर अपना लक्ष्य हासिल कर लिया है जिसकी उसे वर्षों से तलाश थी।
बता दें कि डोभी विकास खण्ड अंतर्गत इटहरा गांव की बेटी श्रुति यादव का चयन दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ की अंडर-15 महिला क्रिकेट टीम में हो गया है। श्रुति अपने माता-पिता, ताऊ-ताई सहित अपने अन्य भाई-बहनों के साथ दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रही है। श्रुति के अंडर-15 महिला क्रिकेट टीम में चयन की खबर मिलते ही पैतृक गांव से दिल्ली तक खुशी लहर दौड़ गई। श्रुति के चयन का जश्न केक काटकर मनाया गया। गांव में रहकर पारिवारिक व्यवसाय और विद्यालय का संचालन वाले श्रुति के ताऊ रामजनम यादव और रामनयन यादव ने बताया कि श्रुति के चयन की खबर मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। परिवार ने इस ख़ुशी का जश्न डोल नगाड़े के साथ केक काटकर मनाया।
श्रुति के बड़े ताऊजी शिक्षक और स्वतंत्र पत्रकार डॉ. आरसी यादव ने बताया कि श्रुति का दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ की अंडर-15 महिला क्रिकेट टीम में चयन उसके नियमित अभ्यास और लगन का सुखद परिणाम है। इस सफलता को पाने के लिए श्रुति यादव पिछले एक महीने से 10 से 12 घंटे तक कठिन परिश्रम कर रही थी। दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ द्वारा फिरोजशाह कोटला मैदान दिल्ली में आयोजित कैंप में श्रुति 24 नवंबर से शामिल हो रही थी। साथ ही अपने कोच मदन की देख—रेख में कठिन अभ्यास कर रही थी जिसका सुखद परिणाम रहा है कि श्रुति अपने लक्ष्य को हासिल करने में सफल रही है। उन्होंने बताया कि दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित कैंप के प्रथम चरण में कुल 60 बेटियों का चयन हुआ था जिसमें से शीर्ष 15 खिलाड़ियों का चयन होना था।
उन्होंने कहा कि श्रुति बक्करवाला दिल्ली टेलीफनकन क्रिकेट क्लब में कोच मदन की देख—रेख में पिछले 3 वर्ष से कठिन परिश्रम कर रही थी जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर शिखर धवन को कोचिंग दी है। उन्होंने बताया कि श्रुति पिछले एक साल से बहादुरगढ़ हरियाणा स्थित त्रिवेणी क्रिकेट अकादमी में खज़ान की देख—रेख में भी कठिन परिश्रम कर रही थी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











