Jaunpur News : शान्ति समिति की बैठक में एसडीएम व सीओ ने की अपील
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। बीते दो बार से जुमे की नमाज के बाद प्रदेश के कई शहरों में हुए बवाल के चलते चौकन्ना प्रशासनिक अधिकारियों ने गुरुवार को शाहगंज कोतवाली परिसर में शांति समिति के साथ बैठक की। उपजिलाधिकारी नीतीश सिंह और क्षेत्राधिकारी अंकित कुमार ने अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों की जानकारी प्रशासन को तत्काल देने की अपील किया।

साथ ही कहा कि सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आपत्तिजनक पोस्ट करके गड़बड़ी पैदा करने की कोशिश करने वालों को कतई बक्शा नहीं जाएगा। उपजिलाधिकारी ने कहा कि समाज में आपसी भाईचारा कायम करना हम सभी की जिम्मेदारी है। मुसलमानों से अपील करते हुए कहा कि शांतिपूर्वक जुमा की नमाज अदा करके अपने घरों को जाएं और किसी के बहकावे में आकर किसी प्रदर्शन या जमावड़े का हिस्सा न बनें। क्षेत्राधिकारी अंकित कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आपत्तिजनक पोस्ट को साझा करने से बचें, ताकि आपसी सौहार्द को ठेस न पहुंचे। बैठक में मौजूद बड़ी मस्जिद के इमाम मौलाना मोहम्मद साकिब ने सभी मुसलमानों से शांति के साथ जुमा की नमाज अदा करने और किसी भी प्रकार की अफवाह से दूर रहने की अपील किया। उन्होंने कहा कि उन्हें संविधान पर पूरा विश्वास है और सभी का फर्ज है कि भाईचारा कायम रखा जाय। बैठक में प्रभारी निरीक्षक सुधीर आर्या समेत बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















