HomeJaunpurJaunpur News: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक

Jaunpur News: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक

  • जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक

  • खराब रैंकिंग वाले विभागों को सुधार के दिये निर्देश

तेजस टूडे ब्यूरो
जौनपुर। जिलाधिकारी उमेश मिश्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक हुई जहां सीएम डैशबोर्ड पर विभागवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों एवं विभागीय प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। जिन विभागों की प्रगति अत्यंत खराब श्रेणी (सी एवं डी श्रेणी) में पाई गई, उनके प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी गई तथा निर्देशित किया गया कि आगामी माह तक अपनी प्रगति में सुधार करते हुए ए अथवा बी श्रेणी प्राप्त करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने समस्त कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं का थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन अनिवार्य रूप से कराया जाए। साथ ही परियोजनाओं से संबंधित समस्त महत्वपूर्ण सूचनाएं, जैसे कुल स्वीकृत बजट, कार्य की वर्तमान प्रगति, कार्य पूर्ण होने की निर्धारित तिथि एवं कार्य समाप्ति संबंधी विवरण सहित अन्य आवश्यक जानकारियां बोर्ड पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करायी जायं।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ट्रांसफार्मर बदलने एवं विद्युत बिल संशोधन से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लंबित स्थिति न रहे तथा सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाय जिससे जनपद की रैंकिंग प्रभावित न हो। चिकित्सा विभाग की समीक्षा करते हुए जननी सुरक्षा योजना के क्रियान्वयन में सुधार लाते हुए रैंकिंग बेहतर करने के निर्देश दिए। वहीं, फैमिली आईडी बनाए जाने में खराब रैंकिंग पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़े विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर पात्र लाभार्थियों की फैमिली आईडी बनवाने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी द्वारा सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य सेवाओं, पशुपालन, छात्रवृत्ति, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया गया कि समय सीमा के अंतर्गत संचालित समस्त परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराना सुनिश्चित करें, ताकि निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं विकास कार्यों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराया जाए। कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूर्ण करें तथा जनपद की रैंकिंग किसी भी दशा में खराब न होने पाये। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, परियोजना निदेशक के.के. पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. अरुण यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Must Read