देश व प्रदेश की सरकार सभी मुद्दों पर पूरी तरह से विफल: डा. पल्लवी
रोजगार एवं भागीदारी यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
तेजस टूडे सं.
सोनू गुप्ता
मड़ियाहूं, जौनपुर। अपना दल कमेरावादी के तत्वावधान में चलाया जा रहा रोजगार एवं भागीदारी यात्रा शनिवार को जनपद के मड़ियाहूं विधानसभा क्षेत्र के सिहोरीवीर गांव में पहुंचा जहां अपना दल कमेरावादी के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल का जोरदार स्वागत किया। यह यात्रा वाराणसी जनपद के सारनाथ से संविधान दिवस के दिन शुरु किया गया। यात्रा को विभिन्न जनपदों से होते हुए राजधानी लखनऊ में पहुंचेगी।
इसी दौरान यात्रा जब जनपद के मड़ियाहूं विधानसभा में पहुंची तो वहां रास्ते में स्थित महापुरुषों के प्रतिमा पर सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल द्वारा महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित किया गया। यात्रा के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि पूरे देश व प्रदेश में महंगाई जोरों पर है। किसान, छात्र, नौजवान व युवा पूरी तरह से परेशान है। देश में बेरोजगारी की एक लम्बी फौज तैयार हो गई है। सरकार पूरी तरह से इस समय विफल चल रही है। सरकार के पास सिर्फ भाषण के सिवा और कुछ भी नहीं बचा है।
सिराथू विधायक ने कहा कि रोजगार नहीं तो सरकार नहीं और भागीदारी नहीं तो सरकार नहीं। कार्यक्रम के तहत डॉ. पल्लवी अपने चिन्हित विधानसभाओं के गांवों तक मोटरसाइकिल जुलूस के शक्ल में स्वयं मोटरसाइकिल चलाते हुए अपने कार्यकर्ता साथियों के साथ पहुंची। इस यात्रा के दौरान जगह-जगह आम सभाओं का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान रात्रि विश्राम चिन्हित विधान सभा के गांव में ही किया जाएगा। यात्रा के दौरान कोई भी नेता सर्किट हाउस या गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम नहीं करेगा। जनता के बीच में रहकर जनता के बुनियादी सवालों पर लड़ते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में भाग लेने की योजना है। यात्रा के दौरान उन्होंने लोगों से अपील किया कि 8 दिसंबर को आप सभी लोग राजधानी लखनऊ पहुंचे जहां कार्यक्रम का समापन होना है।
इस अवसर पर दीनानाथ सरोज, अरविन्द पटेल, रागिनी गौतम, अवधेश सरोज, रामचन्द्र पटेल, राम श्रृंगार पटेल, राय अखिलेश सिंह, रामचन्दर कन्नौजिया, अर्जून पटेल, रिंकू पटेल, राजेश पटेल, नन्द लाल पटेल, सतीश पटेल, शारदा पटेल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।











