Jaunpur News : चन्दवक थाने में फौजी के साथ दरोगा त्रिवेणी सिंह ने की मारपीट
पत्रकारों से गाली-गलौज कर थाने से भगाने पर भड़का जनाक्रोश
विनोद कुमार
चन्दवक, जौनपुर। पत्रकार को देश का चौथा स्तम्भ कहा जाता है। बावजूद इसके तकरीबन हर रोज देश के कोने कोने से मीडिया के साथ पुलिस की अभद्रता की खबरे सुनने व देखने को मिल ही जाती हैं। ऐसा ही एक मामला प्रकाश में आया है। चंदवक थाने क्षेत्र के एक भैसा गांव में पिछले दिनों दो युवकों की जमकर पिटाई में एक युवक की हुई मौत के मामले में सुबह जानकारी होने पर पत्रकार थाने में समाचार संकलन करने गये। पत्रकारों के साथ थाने में तैनात पतरही चौकी प्रभारी त्रिवेणी सिंह गाली गलौज किये। इसको लेकर डोभी सहित पूरे जनपद के पत्रकारों में काफी रोष व्याप्त है।

पीड़ित के अनुसार समाचार संकलन करने पहुंचे पत्रकार समाचार संकलन कर रहे थे कि एक फौजी भी अपनी सीज हुई बाइक को छुड़ाने पहंुच गये। फौजी को देखते ही चौकी प्रभारी आग-बबूला होकर उनके साथ गाली-गलौज करते हुये कुछ पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने पहुँचे पत्रकार त्रिवेणी सिंह को रोकते हुए समझाना चाहे किन्तु बेअदब दारोगा ने पत्रकारों को गाली देते हुए कहा कि पत्रकारों को तो लतियाते हुए थाने से भगा देना चाहिए। अपमानित पत्रकार थाने से वापस लौट आये और घटना के बारे में संगठन को अवगत कराते हुए कार्यवाही की मांग को उठाये।
मेरे साथ थाने में जो बर्ताव हुआ, उससे आहत हूंः फौजी
स्थानीय क्षेत्र के होनहार जवान आशुतोष पांडेय 27 साल लद्दाख में फौजी के रूप में कार्यरत हैं। छुट्टी लेकर इन दिनों अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। गुरुवार की शाम अपने घर दो दोस्तों के साथ लौट रहे थे कि चेकिंग कर रहे पतरही चौकी प्रभारी त्रिवेणी सिंह रोककर पूछताछ करने लगे। इस दौरान फौजी व दरोगा में कहासुनी हुई तो दरोगा गाड़ी सीज कर चंदवक थाने लेकर चले गये। पीड़ित फौजी ने मीडिया से बताया कि जब मैं थाने में अपनी गाड़ी छुड़वाने गया तो दरोगा गाड़ी छोड़ने के एवज में 5 हजार रुपये मांगने लगे। रुपया देने से इनकार करते हुये कहा कि हम फौजी हैं। देश की सेवा करते हैं। इस पर दरोगा ने फौजी शब्द को लेकर गाली-गलौज व मारपीट करने लगे। उन्होंने बताया कि मुझे अपने ही क्षेत्र में शर्मिंदा होना पड़ रहा है। मेरे साथ थाने में जो बर्ताव किया गया है, उससे आहत महसूस कर रहा हूं।
अपनी कार्यशैली से हमेशा सूर्खियों में रहते हैं चौकी प्रभारी
बताते चलें कि चौकी प्रभारी त्रिवेणी सिंह अपनी कार्यशैली को लेकर हमेशा सूर्खियों में रहते हैं। इसके पूर्व थानागद्दी में चौकी इंचार्ज रहते हुए एक निर्दोष की बेल्ट से पिटाई की घटना से सुर्खियों में रहे। जांचोपरांत इन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया। इस घटना के बाद भी उक्त एसआई में कोई बदलाव नहीं आया। मीडिया के साथ गाली-गलौज की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों की जुबान पर बस एक ही बात आ रही है कि जब पत्रकार के साथ गाली-गलौज की जा रही है तो आम जनता का क्या होगा? पत्रकार संघ ने उक्त घटना की घोर निंदा करते हुए दरोगा को लाइन हाजिर करने की मांग पुलिस अधीक्षक से की है।
जांच के बाद कार्यवाही होगीः क्षेत्राधिकारी
उपरोक्त प्रकरण की जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे क्षेत्रधिकारी केराकत शुभम तोदी ने थाना परिसर में पत्रकारों संग बैठक किये। इस दौरान उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी लिया। पत्रकारों ने जल्द ही मामले की जांच पड़ताल कर कार्यवाही की मांग की। उन्होंने दो दिनों के भीतर कार्यवाही करने की बात कही।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।





