Jaunpur News : कुएं में जहरीली गैस से एक की मौत, दो की हालत नाजुक
इशरत हुसैन
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के पाण्डेय पुरुषोत्तमपुर गांव में एक व्यक्ति को बचाने के लिए कुएं में कूदे व्यक्ति की जहरीली गैस से मौत हो गई। जबकि इस घटना में दो लोगों को अचेत अवस्था में जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि शुक्रवार की दोपहर लगभग 2 बजे गांव का एक सिरफिरा व्यक्ति कुएं में कूद गया।
उसे बचाने के लिए गांव के 3 लोग कुएं में उतर गए जहां पहले से कुएं में जहरीली गैस फैल रही थी। तीनों अचेत हो गए। किसी तरह से उन्हें बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने पंकज कुमार पुत्र कैलाश नाथ 28 वर्ष को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों द्वारा जिला अस्पताल में भर्ती अन्य दोनों व्यक्तियों का उपचार कर बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
जानकारी मिलने पर चौकी प्रभारी शीतला चौकियां चंदन कुमार राय सहयोगी जवान रोशन कुमार यादव के साथ मौके पर पहुंच गए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आश्चर्यजनक बात तो यह है कि जिस व्यक्ति को बचाने के लिये तीनों कुएं में उतरने के कारण जहरीली गैस का शिकार हुए थे वह व्यक्ति बिल्कुल सुरक्षित है और घर में उसे रखा गया है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।












