मतदाता सूची में नये मतदाताओं को सम्मिलित करने को लेकर हुई बैठक
कोटेदारों पंचायत सहायक स्वयं सहायता समूह के सदस्यों की बैठक में हुई चर्चा
तेजस टूडे सं.
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 और मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर गुरुवार को तहसील सभागार में कोटेदारों की बैठक तथा विकास खण्ड शाहगंज, खुटहन एवं सुइथाकला में पंचायत सहायकों एवं स्वयं सहायता समूह के सदस्यों के साथ बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी अंकुर वर्मा ने किया।
बैठकों में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि 16 नवम्बर से 16 दिसम्बर तक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत ऐसे सभी नागरिक, जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है अथवा जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं। अपना फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम सम्मिलित करा सकते हैं।
एसडीएम द्वारा पंचायत सहायकों को निर्देशित किया गया कि वे ग्राम स्तर पर घर-घर जाकर नागरिकों को मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने हेतु जागरुक करें तथा बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र युवाओं के फॉर्म-6 भरवाने एवं ऑनलाइन दर्ज कराने में सहयोग करें। बैठकों में अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में सम्मिलित कराने हेतु सभी संबंधित कार्मिकों एवं सहयोगी संस्थाओं से सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।











