HomeJaunpurJaunpur News: चार दिन बाद भी लापता अधेड़ का नहीं मिला शव

Jaunpur News: चार दिन बाद भी लापता अधेड़ का नहीं मिला शव

  • चार दिन बाद भी लापता अधेड़ का नहीं मिला शव

तेजस टूडे सं.
विनय शर्मा
डोभी, जौनपुर। चन्दवक थाना क्षेत्र के आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर स्थित गोमती नदी के पुल से रविवार को साइकिल नदी में फेंककर छलांग लगाने वाले अधेड़ का 4 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। घटना के बाद से पुलिस और एसडीआरएफ की टीम नदी में लगातार तलाश कर रही है। इसी बीच नदी में छलांग लगाने वाले व्यक्ति की पहचान चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईपुर (पटखौली) निवासी कतवारू पटेल के रूप में होने की आशंका जताई जा रही है।
नदी में तलाश की जानकारी मिलने के बाद चंद्रभान पटेल के परिजनों को घटना की जानकारी हुई। परिजनों ने बताया कि वह घर से दवा लेने के लिए निकले थे, इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल रहा है। परिजनों द्वारा बताए गए हुलिया और परिस्थितियों के आधार पर पुलिस भी नदी में छलांग लगाने वाले व्यक्ति की पहचान कतवारू पटेल के रूप में होने की आशंका जता रही है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बीते रविवार को करीब साढ़े दस बजे एक अधेड़ व्यक्ति साइकिल लेकर गोमती नदी के पुल पर पहुंचा था। कुछ देर तक पुल पर खड़े रहने के बाद उसने साइकिल नदी में फेंक दी और खुद भी नदी में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही चंदवक पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू कराई। बाद में वाराणसी से एसडीआरएफ की टीम मोटरबोट के साथ मौके पर पहुंची और नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया। 4 दिन बीत जाने के बाद भी अधेड़ का कोई सुराग नहीं मिल सका है। नदी में पानी का बहाव और गहराई अधिक होने के कारण तलाश में कठिनाई आ रही है।
थानाध्यक्ष प्रवीण यादव के मुताबिक नदी में कूदने वाले व्यक्ति की पहचान अभी आधिकारिक रूप से नहीं हो पाई है। पुलिस अपने स्तर से तलाश और पहचान की कार्रवाई कर रही है। संभावित परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर भी सत्यापन कराया जा रहा है। पहचान की पुष्टि होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि गोमती नदी में छलांग लगाने वाला व्यक्ति कतवारू पटेल ही था।

 

 

 

 

Must Read