संविधान दिवस पर हुआ शपथ व जागरूकता कार्यक्रम

तेजस टूडे ब्यूरो
नजीबाबाद, बिजनौर। स्थानीय नगर के नजीबुद्दौला गर्ल्स इंटर कॉलेज में संविधान दिवस बड़े उत्साह एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्या शबाना परवीन के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था एवं देखरेख उपप्रधानाचार्या हिना परवीन ने कार्यभार संभालते हुए कुशलतापूर्वक किया। कार्यक्रम का संचालन शगुफ्ता मैडम ने किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड मेंबर खुर्रम शम्सी, सेवानिवृत्त शिक्षिका कमर, अंजुम एवं हुसन जहाँ उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को उनके मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम अधिकारी गजाला मुमताज ने छात्राओं को भारतीय संविधान के महत्व, उसके मूल सिद्धांतों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही कहा कि संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुत्व का संदेश देता है तथा प्रत्येक नागरिक को संविधान का सम्मान करना चाहिए। अंत में सभी छात्राओं एवं उपस्थित लोगों ने संविधान की प्रस्तावना के मूल्यों का पालन करने तथा संविधान के आदर्शों पर चलने की शपथ ली। साथ ही समाज के अन्य लोगों को भी संविधान के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यालय की स्वयंसेविकाओं, शिक्षिकाओं एवं छात्राओं का विशेष सहयोग रहा।







