जेएमएस लॉ कालेज में हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया संविधान दिवस

  • जेएमएस लॉ कालेज में हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया संविधान दिवस

तेजस टूडे ब्यूरो
अनिल कश्यप
हापुड। जेएमएस लॉ कॉलेज में संविधान दिवस पर भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के मूल्यों, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रमोद गोयल पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं विशिष्ट अतिथि निशा गोयल पूर्व प्रशासनिक अधिकारी/वाइस चेयरमैन अलीगढ अथॉरिटी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जे.एम.एस. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के सचिव डॉ. रोहन सिंघल, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. आयुष सिंघल एवं डायरेक्टर जनरल प्रोफेसर (डॉ.) सुभाष गौतम की उपस्थिति रही।
इस मौके पर न्यायधीश ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता एवं न्याय का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के प्रति सम्मान रखने तथा विधि के शासन एवं न्यायिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन के साथ हुआ। विद्यार्थियों को संविधान निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, संविधान सभा के योगदान तथा प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर की महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन विधि विभाग की प्रो. श्वेता वर्मा ने किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विधि विभाग के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मूट कोर्ट (Moot Court) रहा जिसमें बबली निगम बनाम उत्तर प्रदेश राज्य’ (Babli Nigam vs. State of U.P.) नामक केस (अनुच्छेद 19 -१ a वाक् एवं अभिवक्ति की स्वतंत्रता) का न्यायालयीन नाट्य रूपांतरण प्रस्तुत किया गया। इस प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने न्यायालय की कार्यप्रणाली, कानूनी बहस, तर्क-वितर्क एवं न्यायिक प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। मूट कोर्ट में लव शर्मा, काजल, रमा शर्मा, रचित सिंघल, विधि सिंघल, कल्पना एवं कशिश ने प्रतिभाग कर अपनी कानूनी समझ एवं वाकपटुता का सराहनीय प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विधि विभाग के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र कुमार, विधि विभाग के प्रो. उमेश कुमार, रूबी अग्रवाल, प्रो. विजय कुमार सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। वक्ताओं ने न्याय पालिका की स्वतंत्रता, न्यायिक समीक्षा, मौलिक अधिकारों के संरक्षण तथा लोकतंत्र को सशक्त बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। कॉलेज प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा गया कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र की आत्मा है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संवैधानिक आदर्शों का सम्मान करे और राष्ट्र के विकास में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाए। कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंधन, प्राचार्य, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण एवं विधि संकाय के विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अंत में सभी ने भारतीय संविधान की मूल भावना—न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता—को अपने जीवन में अपनाने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।