समस्तीपुर कालेज में 10 दिवसीय एनसीसी आपदा प्रबन्धन प्रशिक्षण शिविर का हुआ उद्घाटन
600 कैडेटों को मिलेगा अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं आपदा प्रबन्धन का प्रशिक्षण

तेजस टूडे ब्यूरो
विभूति
समस्तीपुर, बिहार। समस्तीपुर कॉलेज के प्रांगण में 12 बिहार बटालियन एनसीसी के कैडेटों के लिए आयोजित 10 दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन गुरुवार को कैंप कमांडर सह लेफ्टिनेंट कर्नल साहिल कोचर ने किया। 25 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलने वाले इस शिविर के उद्घाटन के साथ ही प्रशिक्षण की विभिन्न गतिविधियां शुरू हो गईं। शिविर में करीब 600 एनसीसी कैडेट भाग ले रहे हैं। इस दौरान कैडेटों को सैन्य अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास और आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। साथ ही उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य करने के लिए भी प्रशिक्षित किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के दौरान कैडेटों को संबोधित करते हुए लेफ्टिनेंट कर्नल साहिल कोचर ने कहा कि एनसीसी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि अनुशासन, सेवा और नेतृत्व का सशक्त मंच है। एनसीसी कैडेटों में देशसेवा की भावना विकसित करने के साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने प्रशिक्षण शिविर के दौरान अनुशासन का विशेष ध्यान रखने का निर्देश देते हुए कहा कि परेड और प्रशिक्षण के समय मोबाइल का प्रयोग नहीं किया जाएगा। सभी कैडेट निर्धारित ड्रेस कोड में समय पर निर्धारित स्थान पर उपस्थित रहें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन और समयबद्धता का पालन करना प्रत्येक कैडेट की जिम्मेदारी है। शिविर के दौरान प्रशिक्षण के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा जिससे कैडेटों के व्यक्तित्व विकास और आपसी समन्वय को बढ़ावा मिलेगा। उद्घाटन समारोह में एसोसिएटिंग एनसीसी अधिकारी (एएनओ) डॉ. राहुल मनहर सहित एनसीसी के अधिकारी, प्रशिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारी आदित्य रंजन, रंजन कुमार, एसडीआरएफ के मलिक कुमार, रविकांत कुमार, सच्चिदानंद कुमार, गौरव कुमार, धर्मेंद्र कुमार, खुशबू कुमारी, प्रीति कुमारी सहित अन्य लोगों ने भी शिविर में सहभागिता की। इसके अलावा मनीष कुमार, विवेक कुमार, केसरी नंदन, राम निवास, संजीव कुमार समेत अन्य एनसीसी कर्मी एवं प्रशिक्षक मौजूद थे। शिविर के माध्यम से कैडेटों को आपदा की स्थिति में तत्परता, सूझ—बूझ और सामूहिक प्रयास के साथ राहत एवं बचाव कार्य करने के लिए तैयार किया जायेगा।







