गौशाला मेले की पहचान बिहार से भी हो रही है बाहर: पूर्व विधायक

  • गौशाला मेले की पहचान बिहार से भी हो रही है बाहर: पूर्व विधायक

  • राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की जरूरत

तेजस टूडे ब्यूरो
सुमलेश कुमार
खगड़िया, बिहार। श्री केशरी नंदन व्यायामशाला संहौली (खगड़िया) में आयोजित गोपाष्टमी मेले पर विराट महादंगल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन खगड़िया के पूर्व विधायक रणवीर यादव एवं जिला परिषद अध्यक्ष सह बिहार जिला परिषद संघ की अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव ने संयुक्त रूप से किया।
इस मौके पर दोनों अतिथियों ने अखाड़े में उतरे पहलवानों का उत्साहवर्धन किया तथा खेल एवं पारंपरिक कुश्ती की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। पूर्व विधायक रणवीर यादव ने कहा कि गौशाला मेले की पहचान अब बिहार से बाहर भी होने लगी है। इस मेले को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए हम सभी को मिलकर मेहनत करने की आवश्यकता है। यह मेला हमारी सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत का प्रतीक है। इसे आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
वहीं जिला परिषद अध्यक्ष कृष्णा कुमारी यादव ने उपस्थित दर्शकों एवं पहलवानों को संबोधित करते हुए कहा कि इस वर्ष मेले का आयोजन काफी आकर्षक और धूमधाम से किया गया है। मेले में विभिन्न प्रकार के झूले एवं मनोरंजन के साधन लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके लिए उन्होंने आयोजन समिति को बधाई एवं धन्यवाद दिया। आयोजन समिति को जब भी जिस प्रकार के सहयोग की आवश्यकता होगी, वे उसमें बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाएंगी।
कृष्णा कुमारी यादव ने कहा कि युवाओं को आगे बढ़ाने में हमेशा सहयोग करती रही हैं, क्योंकि युवा ही देश के भविष्य और परिवर्तन के वाहक हैं। गौशाला मेले को और अधिक भव्य एवं व्यापक स्वरूप देने की जरूरत है। इसके लिए वे सरकार से भी बातचीत करेंगी, ताकि इस मेले को बिहार ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जा सके। महादंगल प्रतियोगिता को लेकर स्थानीय लोगों एवं कुश्ती प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।