HomeTrendingसंविधान दिवस पर विधिक सहायता शिविर आयोजित

संविधान दिवस पर विधिक सहायता शिविर आयोजित

  • संविधान दिवस पर विधिक सहायता शिविर आयोजित

तेजस टूडे ब्यूरो
अनिल कश्यप
हापुड़। मोनाड विश्वविद्यालय के विधि विभाग द्वारा उच्च शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश सरकार के आदेश के अनुपालन में संविधान दिवस पर गोष्ठी हुई। विधि विभाग द्वारा ग्राम कस्तला कासमाबाद में विधिक सहायता शिविर लगाकर स्थानीय लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान की गई तथा उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। गोष्ठी का शुभारंभ विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति डॉ. एन.के. सिंह, कुलपति डॉ. एम. जावेद, कुलसचिव कर्नल डी. पी.सिंह, अतिरिक्त कुलसचिव सुहैल अहमद एवं डीन अकादमिक डाॅ. ऋचा यादव द्वारा भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इस मौके पर उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने भारतीय संविधान के मूल्यों, आदर्शों एवं लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विधिक सहायता शिविर में विधि विभाग के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, विधिक प्रावधानों तथा निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना तथा आमजनों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था।
इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एम. जावेद ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने विधि विभाग द्वारा आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में विधिक जागरूकता बढ़ाने तथा आमजनों को न्याय के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्कूल ऑफ लॉ के संकायाध्यक्ष डॉ. अमित कुमार ने कहा कि संविधान दिवस हमें भारतीय संविधान के प्रति अपनी निष्ठा एवं जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। संविधान में प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता एवं न्याय का अधिकार प्रदान किया गया है। विधि विभाग का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को विधिक शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उन्हें सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति जागरूक करना भी है।
विधि विभाग के प्रोफेसर डाॅ. प्रवीन चौहान ने कहा कि निःशुल्क विधिक सहायता शिविर के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी प्रदान करना तथा उन्हें न्याय प्राप्त करने के लिए मार्गदर्शन देना विभाग की महत्वपूर्ण सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की प्रतिबद्धता व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के प्रति सम्मान, विधिक जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया। विवि के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अरविंद कुमार ने विधि विभाग की इस पहल को स्थानीय लोगों के लिए उपयोगी एवं जनकल्याणकारी बताया। कार्यक्रम में डॉ. मूलराज सिंह, डॉ. मनीषा शर्मा, डॉ. मोहित गौतम, डॉ. महीप मिश्रा, पूजा त्यागी, स्वाति त्यागी सहित विवि के अनेक शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Must Read