HomeJaunpurJaunpur News: संविधान दिवस पर शिक्षाविद रामदुलार यादव का हुआ सम्मान

Jaunpur News: संविधान दिवस पर शिक्षाविद रामदुलार यादव का हुआ सम्मान

  • संविधान दिवस पर शिक्षाविद रामदुलार यादव का हुआ सम्मान

  • बच्चों को बताया गया संविधान का महत्व

  • पुस्तकालयों के माध्यम से शिक्षा को बढ़ावा देने पर दिया गया जोर

तेजस टूडे सं.
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि समानता, स्वतंत्रता और न्याय पर आधारित उस समाज का आधार है जहाँ हर व्यक्ति को आगे बढ़ने का समान अवसर मिलता है। इसी सन्देश के साथ राष्ट्रीय संविधान दिवस पर सेंट तुलसी ग्लोबल स्कूल आमगांव फुलेश में समाजवादी विचारक, शिक्षाविद एवं लोक शिक्षण अभियान ट्रस्ट के संस्थापक-अध्यक्ष रामदुलार यादव का स्वागत और सम्मान किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद यादव ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस दौरान रामदुलार यादव ने विद्यालय के बच्चों से संवाद किया और भारतीय संविधान के निर्माण में डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही कहा कि संविधान प्रत्येक भारतीय के जीवन में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। संविधान द्वारा दिए गए मौलिक अधिकारों के साथ ही नागरिक कर्तव्यों को भी हमेशा याद रखना चाहिए। संविधान हमें समानता और आगे बढ़ने का अवसर देता है जिससे एक बेहतर समाज के निर्माण का रास्ता तैयार होता है।
उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि लोक शिक्षण अभियान ट्रस्ट लंबे समय से मेधावी और जरूरतमंद बच्चों की शैक्षिक मदद के लिए प्रयासरत है। ट्रस्ट के पुस्तकालय में करीब 22 हजार पुस्तकों की व्यवस्था की गई है जिसका लाभ बच्चे नियमित रूप से उठा रहे हैं। मार्टिनगंज के लल्लूगंज बाजार स्थित प्रधान जी विश्राम यादव वाचनालय एवं पुस्तकालय भी विद्यार्थियों को अध्ययन का अवसर उपलब्ध करा रहा है।
उन्होंने बताया कि इन पुस्तकालयों में आईएएस, पीसीएस, मेडिकल, एनडीए, लोक प्रशासन, इंजीनियरिंग, कानून, साहित्य और आध्यात्मिक विषयों से संबंधित पुस्तकों की व्यवस्था है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थी यहाँ पहुँचकर अध्ययन कर सकते हैं। शिक्षा के इन केंद्रों का उद्देश्य संसाधनों के अभाव में किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की पढ़ाई बाधित न होने देना है।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य विनोद यादव, अभिषेक अस्थाना, आलोक यादव, रविकांत पटवा, दीपक मौर्य, अवंतिका सिंह, मोनिका प्रजापति, मनोज कुमार सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Must Read