बाल मेले में नन्हे दुकानदारों ने लगाये स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टाल
मां शारदा विद्यालय खानापट्टी एवं ताहिरपुर प्राथमिक विद्यालय में हुआ आयोजन
तेजस टूडे सं.
सौरभ सिंह
सिकरारा, जौनपुर। बाल दिवस पर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में बाल मेले का आयोजन हुआ। इस दौरान बच्चों ने दुकानदार बनकर विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के स्टाल लगाए और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मेले में बच्चों के साथ शिक्षकों ने भी जमकर खरीदारी की और उनका उत्साहवर्धन किया।
खानापट्टी स्थित मां शारदा इंटरमीडिएट बालिका विद्यालय में आयोजित बाल मेले में छात्राओं ने पानी पूरी, मोमोज, मंचूरियन, पास्ता, समोसे, पकौड़े और मिठाइयों के स्टाल लगाये। नन्हे दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अपने अंदाज में दुकानों का संचालन किया। शिक्षकों ने भी बच्चों की दुकानों पर पहुंचकर खरीदारी किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य शरद सिंह, वरिष्ठ शिक्षक रामचन्द्र सिंह, सुशील सिंह, जितेंद्र सिंह, कार्तिकेय, प्रवीण सिंह सहित अन्य शिक्षक सक्रिय रहे।
इसी क्रम में ताहिरपुर प्राथमिक विद्यालय में भी बाल मेला लगा जहां नन्हे-मुन्ने बच्चों ने बिस्किट, टॉफी, पानी पूरी, समोसे, छोले, झालमुड़ी आदि के स्टाल लगाये। बच्चों ने खुद दुकानदार बनकर सामान बेचा और खरीदारी का अनुभव प्राप्त किया। प्रधानाचार्य एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित सिंह ने अपने सहयोगी शिक्षकों के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
गौरतलब है कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को बच्चों से विशेष लगाव था। बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहते थे। उनके जन्मदिवस 14 नवंबर को देश भर में बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। विद्यालयों में आयोजित ऐसे आयोजन बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने में सहायक होते हैं।











