HomeJaunpurJaunpur News: बाल दिवस पर करंजाकला में हुआ खेलों का महम्कुंभ, नन्हे...

Jaunpur News: बाल दिवस पर करंजाकला में हुआ खेलों का महम्कुंभ, नन्हे खिलाड़ियों ने दिखायी प्रतिभा

  • बाल दिवस पर करंजाकला में हुआ खेलों का महम्कुंभ, नन्हे खिलाड़ियों ने दिखायी प्रतिभा

  • दौड़, कबड्डी, खो-खो और लम्बी कूद में बच्चों ने किया शानदार प्रदर्शन, विजेता प्रतिभागी किये गये सम्मानित

तेजस टूडे सं.
मो. शोहराब
जौनपुर। बाल दिवस पर विकास खंड करंजाकला की ब्लॉक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन इंदिरा गांधी स्टेडियम सिद्दीकपुर में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ हुआ प्रतियोगिता में विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और खेल मैदान पर अपनी प्रतिभा, कौशल एवं खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रमुख प्रतिनिधि करंजाकला सुनील यादव एवं विशिष्ट अतिथि खंड विकास अधिकारी पीयूष त्रिपाठी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इस दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भी सभी का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि श्री यादव ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलकूद बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने इस तरह के आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें उचित अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी करंजाकला श्रवण यादव ने अतिथियों एवं उपस्थित गणमान्य लोगों का स्वागत करते हुए स्मृति चिह्न भेंट किया। साथ ही कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद भी बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।
प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग की 50, 100 और 200 मीटर दौड़, कबड्डी, खो-खो, लंबी कूद एवं ऊंची कूद सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मैदान में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर खंड शिक्षा अधिकारी ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों एवं कार्यालय कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन ने बच्चों में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।

 

 

 

 

Must Read