लेखपालों का आन्दोलन हुआ समाप्त
दुर्व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही के बाद लिया गया निर्णय
तेजस टूडे सं.
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। लेखपाल संघ द्वारा आयोजित धरना प्रदर्शन और हड़ताल को समाप्त कर दिया गया। इस बाबत एसडीएम को पत्र सौंपा गया है। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद संघ ने वापस लिया विरोध का प्रस्ताव वापस ले अधिकारियों का आभार जताया है।
जनपद में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बनी सहमति के बाद चल रहे गतिरोध का आखिरकार अंत हो गया है। सदर तहसील क्षेत्र के लेखपाल हिमांशु यादव के प्रकरण में क्राइम ब्रांच के कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा किए गए कथित दुर्व्यवहार के विरोध में लेखपाल संघ ने मोर्चा खोल दिया था। 11 सितंबर को संघ की ओर से इस संबंध में कड़ा पत्रक सौंपते हुए विरोध दर्ज कराया गया था और कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए 12 सितंबर को अपर जिला अधिकारी (भू-राजस्व) ने जिला कार्यकारिणी को आधिकारिक रुप से अवगत कराया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संलिप्त पाए गए क्राइम ब्रांच के सभी दोषी सदस्यों हेड कांस्टेबल प्रफुल्ल यादव, संतोष सिंह, धर्मेंद्र यादव तथा कांस्टेबल विनीत पाठक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित कर दी गई है। इस त्वरित और ठोस प्रशासनिक कार्रवाई से पीड़ित लेखपाल और संघ के पदाधिकारी पूरी तरह संतुष्ट नजर आये।
जिला नेतृत्व की ओर से की गई इस सकारात्मक कार्रवाई के बाद उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने अपना पूर्व प्रस्तावित आंदोलन और बहिष्कार का कार्यक्रम तत्काल प्रभाव से समाप्त करने की घोषणा कर दी है। शाहगंज तहसील अध्यक्ष इं. विकास सिंह एवं मंत्री विवेक सिंह द्वारा इस संबंध में औपचारिक पत्र जारी कर आंदोलन की समाप्ति की सूचना दे दी गई है। संघ ने प्रशासन के इस रुख का स्वागत करते हुए कहा कि इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ा है और वे खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।











