सड़क दुघर्टना में दम्पत्ति समेत बाइक सवार 5 लोग घायल
तेजस टूडे सं.
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत अलग—अलग स्थानों पर सड़क दुघर्टना में बाइकों की आमने—सामने भिड़ंत में दम्पति समेत 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उक्त घायलों की हालत गंभीर देख बेहतर इलाज हेतु जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के नटौली गांव के समीप शुक्रवार की रात कानपुर देहात निवासी वर्तमान हाल पता नटौली गांव निवासी 24 वर्षीय मोहित सिंह पुत्र छोटे सिंह व 25 वर्षीय प्रवेश सिंह पुत्र कुंदन सिंह जो कपड़े की फेरी का काम करते हैं, शुक्रवार की रात बाइक से अपने कमरे पर दोनों जा रहें थे कि तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस की मदद से इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहीं शनिवार की दोपहर जौनपुर मुख्य मार्ग स्थित आजाद रेलवे क्रासिंग के समीप दो बाइकों की आमने—सामने भिड़ंत हो गई जिसमें सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के अफेलपुर मल्हनी निवासी 58 वर्षीय हसनैन पुत्र मटरूशाह व 52 वर्षीया पत्नी अंसारी बानों व खेतासराय थाना क्षेत्र के सोंधी निवासी 25 वर्षीय रोहित पुत्र राम अकबाल गंभीर रूप से घायल हो गये। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की हालत गंभीर देख बेहतर इलाज हेतु जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।











