जागृति सेवा फाउंडेशन ने मनाया संविधान दिवस
नेवादा काजी में आयोजित कार्यक्रम में संविधान के मौलिक अधिकारों एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हुई चर्चा
तेजस टूडे सं.
विनोद पाल/विकास यादव
नौपेड़वा, जौनपुर। जागृति सेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में ग्रामसभा नेवादा काजी में संविधान दिवस मनाया गया जहां संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों एवं नागरिकों के कर्तव्यों को लेकर चर्चा की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विनोद कुमार ने कहा कि हमारा संविधान देश का सर्वोच्च कानून है। संविधान द्वारा प्रत्येक नागरिक को मौलिक अधिकार प्रदान किए गए हैं। हम सभी को अपने मौलिक अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए। देश में कोई भी व्यक्ति संविधान से बड़ा नहीं है। संविधान सभी नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है।
इसी क्रम में नीलम भारती ने कहा कि हमारे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था संविधान पर आधारित है। कार्यपालिका, न्याय पालिका और व्यवस्थापिका के माध्यम से देश की शासन व्यवस्था संचालित होती है। इन तीनों संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका देश के विकास और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में है। कार्यक्रम का संचालन पूजा भारती ने किया। इस दौरान बिना भारती, रंजीत कुमार गौतम, राधा दौड़, बिना भारती, जय प्रकाश, सीमा भारती, अभिषेक गौतम, प्रदीप गौड़, शोभावती सहित अन्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने संविधान के मूल्यों को अपनाने, आपसी समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।











