Jaunpur News : मानवता हार गई, अवसरवादिता जीत गई
खून से लथपथ सिपाही तड़पता रहा और लोग वीडियो बनाने में मशगूल रहे
सूर्यमणि पाण्डेय एडवोकेट
जौनपुर। लोगों के हर सुख-दुख, लड़ाई-झगड़े, सम्पति बँटवारा, पारिवारिक विवाद से लेकर प्रत्येक विपत्ति में साथ देने वाले पुलिसकर्मियों के प्रति इतनी अधिक संवेदनहीनता हमें व्यथित करती है कि एक बावर्दी सिपाही सड़क दुर्घटना में घायल होकर सड़क किनारे तड़प रहा हो, रक्त स्राव हो रहा हो, वह लोगों से मदद मांग रहा है और लोग वीडियो बनाने में मशगूल हों, बजाय इसके कि उसे अस्पताल पहुंचाएँ या 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दे दें।

मालूम हो कि जलालपुर थाने पर कार्यरत 2006 बैच के हेड कांस्टेबल अमित सिंह निवासी ग्राम लक्ष्मणपुर थाना बलुआ जनपद चंदौली शनिवार को सुबह थाने से किसी कार्य से निकले थे। वे जैसे ही रेहटी गांव के पास पहुंचे एक अज्ञात अर्टिगा कार ने उन्हें टक्कर मार दिया और वह सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए। यह घटना दिन में लगभग 10.30 बजे की है। मौके पर तमाशबीनों की भीड़ लग गई। घायल होकर तड़प रहे अमित सिंह को किसी ने अस्पताल पहुंचाने की जहमत नहीं उठाई और न ही पुलिस को सूचना देना गंवारा समझा। मनुष्य की संवेदनाएं इतनी मृत हो गईं थीं कि लोग घायल सिपाही का वीडियो बना रहे थे लेकिन उसकी सहायता नहीं किये। काश, उसमें से एक भी व्यक्ति संवेदनशीलता का परिचय दिया होता और अमित सिंह का समय से उपचार हो पाया होता तो उनके तीन छोटे-छोटे बच्चे अनाथ न होते, उनकी पत्नी युवावस्था में विधवा न होतीं और बुढ़ापे में मां-बाप का सहारा न छिनता। इस घटना ने हम सबके लिए एक प्रश्न छोड़ दिया है कि क्या हम सचमुच सभ्य समाज में रहने के योग्य हैं?
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















