HomeJaunpurJaunpur News: पर्यावरण संरक्षण व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व: डा....

Jaunpur News: पर्यावरण संरक्षण व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व: डा. आरपी

  • पर्यावरण संरक्षण व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व: डा. आरपी

  • बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रकृति बचाने का दिया संदेश

तेजस टूडे सं.
डाॅ. प्रदीप दूबे
सुइथाकला, जौनपुर। स्थानीय विकास खंड स्थित श्री गांधी स्मारक इंटरमीडिएट कालेज समोधपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर विविध कार्यक्रम किये गये। एक पेड़ मां के नाम के संकल्प के साथ वृक्षारोपण महोत्सव एवं पर्यावरण जनजागरूकता गोष्ठी हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने पौधरोपण तथा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन तथा राष्ट्रपिता महात्मा एवं शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण करके किया।

विद्यार्थियों ने सत्य और अहिंसा के संकल्प को भाषण, गीत, नृत्य सहित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय संकुल की ओर से अतिथियों का माल्यार्पण, पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर स्वागत किया गया। पशु चिकित्सा एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए क्षेत्र के ख्यातिप्राप्त पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. आलोक सिंह पालीवाल को भी सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष डाॅ. रविन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि केवल एक पेड़ मां के नाम लगाने से पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य पूरा नहीं होगा। लगाए गए पौधे को मां की तरह संरक्षित और पोषित करना होगा। पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति स्वयं जागरूक होकर दूसरों को भी प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करे।

विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति के अध्यक्ष डा. हेमन्त तिवारी ने कहा कि यह संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में सदैव अग्रणी रहा है। सीमित संसाधनों के दौर में भी यहां से शिक्षा ग्रहण कर अनेक लोग देश-विदेश में उच्च पदों पर पहुंचे हैं। वर्तमान में उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग कर विद्यार्थियों को उनसे प्रेरणा लेते हुए आगे बढ़ना चाहिए। पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी समाज को जागरूक होना होगा।

अध्यक्षता करते हुए सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डाॅ. रणजीत सिंह ने गांधी एवं शास्त्री जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में चित्रकला, भाषण, नृत्य आदि कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। संचालन वरिष्ठ प्रवक्ता विनय त्रिपाठी एवं धर्मदेव शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. रणजीत पाण्डेय, राम सन्मुख तिवारी, बैजनाथ सिंह, सतीश सिंह, डाॅ. दिनेश सिंह, ठाकुर प्रसाद तिवारी, बबलू उपाध्याय, रवीन्द्र बिन्द, जगदम्बा प्रसाद वर्मा, विजय सिंह सहित तमाम क्षेत्रीय लोग, पर्यावरण विभाग के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी आदि उपस्थित रहे। संकुल प्रबंधक हृदय प्रसाद सिंह एवं प्रधानाचार्य डाॅ. अजेय प्रताप सिंह ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

 

 

 

Must Read