संविधान दिवस पर विद्यार्थियों ने पोस्टर बनाकर जागरूकता का दिया सन्देश
न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बन्धुत्व के संवैधानिक आदर्शों को चित्रों के माध्यम से किया गया प्रदर्शित
तेजस टूडे सं.
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि एक ऐसे लोकतांत्रिक समाज की आधारशिला है जहाँ हर नागरिक को समानता और सम्मान के साथ जीने का अवसर मिलता है। इसी भावना को आत्मसात कराने के उद्देश्य से गुरैनी स्थित श्री रामदेव विद्या मन्दिर जूनियर हाईस्कूल में संविधान दिवस पर जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन हुआ।
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने आकर्षक पोस्टर और चार्ट बनाकर भारतीय संविधान की मूल भावना को उकेरा। किसी ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों को चित्रों के जरिए प्रस्तुत किया तो किसी ने संविधान निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों को अपनी कलाकृतियों में स्थान दिया। विद्यार्थियों की रचनात्मकता और उत्साह कार्यक्रम का आकर्षण रहा।
आयोजन के माध्यम से बच्चों को संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और समानता की भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया। विद्यालय की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनाना और उनमें संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान विकसित करना रहा। इस अवसर पर तमाम लोग उपस्थित रहे।











