Jaunpur News: घटिया निर्माण से क्षतिग्रस्त हुई नाला, बिना भुगतान ठेकेदार करायेगा पुनर्निर्माण

  • घटिया निर्माण से क्षतिग्रस्त हुई नाला, बिना भुगतान ठेकेदार करायेगा पुनर्निर्माण

  • नगर पंचायत खेतासराय में 90 लाख से हुआ है नाली निर्माण

  • शिकायत के बाद सीआरओ ने की जांच

तेजस टूडे सं.
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय नगर पंचायत में करीब 90 लाख रुपये की लागत से कराए गए नाली निर्माण पर सवाल उठने के बाद जिला प्रशासन ने जांच कराई। मुख्य राजस्व अधिकारी एवं स्थानीय निकाय के नोडल अधिकारी अजय अंबष्ट ने मौके पर पहुंचकर नाले की स्थिति देखी। जांच के बाद उन्होंने संबंधित ठेकेदार को क्षतिग्रस्त नाले का पुनर्निर्माण बिना किसी अतिरिक्त भुगतान के कराने का निर्देश दिया। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर उठी शिकायतों के बीच जिम्मेदारों में खलबली मच गई।

नगर पंचायत के मुख्य मार्ग पर भोले बरनवाल की दुकान से गोरारी पुलिया तक करीब 400 मीटर नाले का निर्माण 39 लाख 10 हजार रुपये की लागत से कराया गया है। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय से गोरारी पुलिया तक सड़क के पूरब और पश्चिम दोनों तरफ नाली निर्माण पर करीब 50 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। करीब 10 माह पूर्व कराए गए इस निर्माण को लेकर सभासदों ने मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि बारिश के दौरान नाले की दीवार कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होकर ढह गई। वहीं पुराने नाले पर कुछ ईंटें लगाकर निर्माण कार्य पूरा दिखाते हुए भुगतान लेने का भी आरोप लगाया गया।

इस संबंध में सभासद अमित सोनकर और शैलेश यादव ने संयुक्त रूप से विधानसभा में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी। मामला मीडिया में आने के बाद प्रशासन हरकत में आया। करीब एक सप्ताह पूर्व उपजिलाधिकारी शाहगंज ने मौके पर पहुंचकर नाले की जांच की थी। इसके बाद जिला प्रशासन के निर्देश पर शुक्रवार को सीआरओ अजय अंबष्ट ने भी स्थलीय निरीक्षण किया।

जांच के दौरान सीआरओ ने नाले की क्षतिग्रस्त दीवार सहित आस—पास की सड़क की स्थिति देखी तथा संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। सीआरओ अजय अंबष्ट ने बताया कि जांच में सामने आया कि डंपर के आवागमन से सड़क धंसने के कारण नाले की दीवार क्षतिग्रस्त हुई है। चूंकि निर्माण कार्य अभी एक वर्ष के भीतर का है, इसलिए संबंधित ठेकेदार को बिना किसी अतिरिक्त भुगतान के क्षतिग्रस्त नाले का पुनर्निर्माण कराने का निर्देश दिया गया है।