HomeJaunpurJaunpur News: जन्माष्टमी पर खेतासराय में जगह-जगह हुआ भव्य सजावट, देर रात...

Jaunpur News: जन्माष्टमी पर खेतासराय में जगह-जगह हुआ भव्य सजावट, देर रात तक उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

  • जन्माष्टमी पर खेतासराय में जगह-जगह हुआ भव्य सजावट, देर रात तक उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

  • आकर्षक झांकियों एवं विद्युत सज्जा ने मोहा लोगों का मन, कृष्ण भक्ति में डूबा रहा कस्बा

तेजस टूडे सं.
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्र का माहौल पूरी तरह कृष्णमय नजर आया। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी स्थानीय थाना परिसर में थाना प्रभारी प्रदीप सिंह, खुटहन मुख्य मार्ग पर स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर में विक्की गुप्ता, कोहरौटी वार्ड में रवि प्रजापति, पवन माली, राजू प्रजापति, महेश प्रजापति, सोंधी में सौरभ शर्मा, पुरानी बाजार में सुनील साहू, बादशाही पर छोटेलाल गुप्ता अर्जंनपुर में सातीराम आदि लोगों द्वारा भव्य सजावट की गई। रंग-बिरंगी विद्युत झालरों, फूल-मालाओं और आकर्षक सजावटी सामग्री से सजे मंदिर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे। शाम ढलते ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी, जो देर रात तक बनी रही।

जन्माष्टमी को लेकर कई दिनों से मंदिरों और आयोजन स्थलों पर तैयारियां चल रही थीं। भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की झांकी सजाने के साथ ही आकर्षक विद्युत सजावट की गई थी। कहीं फूलों से सजे झूले में लड्डू गोपाल विराजमान रहे तो कहीं श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग से जुड़ी झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। सजावट देखने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग परिवार के साथ पहुंचे।

शाम होते ही मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और धार्मिक गीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप का दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना कया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी की गई थी। मंदिरों के आस—पास सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय लोगों तथा पुलिस की ओर से भी व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया गया।

जन्माष्टमी की रात जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई, श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ती गई। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का समय नजदीक आते ही मंदिरों में विशेष उत्साह देखने को मिला। शंख-घंटे और जयकारों से वातावरण गूंज उठा। नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की और हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिरस में डूब गया।

भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के उपरांत श्रद्धालुओं ने आरती की और प्रसाद ग्रहण किया। बच्चों में भी जन्माष्टमी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। अनेक बच्चे कृष्ण और राधा के वेश में आयोजन स्थलों पर पहुंचे जिससे धार्मिक आयोजन में विशेष आकर्षण जुड़ गया। कस्बे के विभिन्न मोहल्लों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी जन्माष्टमी पर्व को लेकर उत्साह रहा। घरों में भी लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर व्रत रखा। देर रात तक मंदिरों और प्रमुख आयोजन स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। पूरे क्षेत्र में भक्ति, उल्लास और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।

 

 

 

 

Must Read