प्रतिदिन सत्संग से मिलती है मानसिक शान्ति: अनिल पाण्डेय
रामलला की अद्भुत एवं अलौकिक झांकी देखकर भाव—विभोर हुये श्रोतागण
तेजस टूडे सं.
बिपिन सैनी
चौकियां धाम, जौनपुर। मां शीतला चौकियां धाम क्षेत्र के बगल में स्थित रामदासपुर नेवादा में चल रहे 7 दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा के तीसरे दिन वाराणसी से पधारे कथा वाचक अनिल पाण्डेय (मानस वत्सल) महराज ने कथा प्रवचन के दौरान बताया कि बिनु सतसंग बिबेक न होई राम कृपा बिनु सुलभ न सोई, सतसंगत मुद मंगल मूला सोई फल सिधि सब साधन फूला, सत्संग के बिना विवेक अच्छे-बुरे की पहचान नहीं होता और श्रीराम की कृपा के बिना वह सत्संग आसानी से नहीं मिलता। सत्संग ही आनन्द और कल्याण का मूल है। सत्संग का अर्थ है सत्य और सज्जनों या संतों के साथ रहना जिससे मन, बुद्धि और आचरण शुद्ध होते हैं।
उन्होंने बताया कि शास्त्रों और संतों के अनुसार सत्संग जीवन में विवेक, शांति और ईश्वर के प्रति भक्ति जगाने का प्रमुख माध्यम है। बिना सत्संग के विवेक नहीं जागता। सत्संग से सही-गलत और जीवन के कर्तव्यों की समझ मिलती है। यह एक दर्पण की तरह काम करता है जो कमियों को दिखाकर आचरण और विचारों को सुधारता है। सत्संग मन की मलिनता, बुरे विचारों और मोह-माया को कम करने में मदद करता है। नियमित सत्संग से मानसिक शांति मिलती है और ईश्वर के प्रति प्रेम व आस्था मजबूत होती है। अन्त में प्रभु श्रीराम लला की अद्भुत एवं अलौकिक झांकी की प्रस्तुति देख श्रोतागण भाव—विभोर हुये।
इस अवसर पर शिवांशु श्रीवास्तव, मोहित जायसवाल, हिमांशु जायसवाल, चंद्रचारु जायसवाल, अमन श्रीवास्तव, कृपाशंकर श्रीवास्तव, हरिशंकर श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, हरिशंकर श्रीवास्तव, अमन श्रीवास्तव, राकेश श्रीवास्तव, अश्वनी श्रीवास्तव, शशि श्रीवास्तव, शम्भूनाथ गुप्ता, प्रवेंद्र उपाध्याय, अश्वनी जायसवाल, शशांक त्रिपाठी, दीपक श्रीवास्तव समेत तमाम लोग मौजूद रहे। बता दें कि कथा प्रतिदिन सायं 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक हो रही है। कथा के अन्त में आरती पूजन कर भक्तों में प्रसाद वितरण किया गया।











