बक्शा ब्लाक में धूमधाम से मनाया गया संविधान दिवस
कर्मचारियों ने किया प्रस्तावना का सामूहिक वाचन
तेजस टूडे सं.
विनोद पाल/विकास यादव
नौपेड़वा, जौनपुर। विकास खण्ड बक्शा में गुरुवार को संविधान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। ब्लॉक परिसर में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एडीओ आरडी संजय श्रीवास्तव ने संविधान की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान दिवस केवल एक आयोजन या औपचारिकता नहीं, बल्कि संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। संविधान में निहित आदर्शों और मूल्यों को अपनाकर ही एक सशक्त, समरस और जिम्मेदार समाज का निर्माण किया जा सकता है।
इस दौरान विकास खण्ड के समस्त कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। साथ ही शासन द्वारा आयोजित संविधान दिवस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया। कर्मचारियों ने संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए उसके आदर्शों और सिद्धांतों का पालन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर एडीओ एजी अनुराग सिंह, एपीओ चंद्रभूषण सिंह, सचिव लक्ष्मीचंद्र, तकनीकी सहायक पुष्पेंद्र, नरेंद्र विश्वकर्मा, धर्मेंद्र साहू, प्रदीप कुमार, रोहित यादव, लाल बहादुर यादव, ओम प्रकाश सहित विकास खण्ड के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।











