Jaunpur News : साइबर अपराधों से रहे सजग, जानकारी ही सही बचाव: एएसपी
किसी को भी मोबाइल पर न दें अपने बैंक खाते का विवरण: ओम प्रकाश
जौनपुर। पुलिस महानिदेशक उ.प्र. के आदेशानुसार साइबर जागरूकता अभियान के क्रम में रिजर्व पुलिस लाइन के सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय साहनी के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) डॉ. संजय कुमार के नेतृत्व में छात्र छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को साइबर क्राइम से संबंधित बचाव की जानकारी दी गई। जागरूकता कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. संजय कुमार ने कहा कि साइबर अपराध के शिकार होने से बचने के लिए मोबाइल और कम्युनिकेशन गजट पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

सोशल साइट्स ऐप के उपयोग से पहले उसकी प्राइवेसी जरूर चेक करनी चाहिये। मोबाइल पर किसी को भी अपने एटीएम और बैंक सम्बंधित कोई भी जानकारी न दें। ऑनलाइन शॉपिंग करते हुए भी सजगता बरतनी चाहिये। साइबर अपराधों से सजग रहें, जानकारी ही सही बचाव है। साइबर विशेषज्ञ ओम प्रकाश जायसवाल ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आरा गौराबादशाहपुर के छात्र एवं छात्राओँ को जानकारी देते हुए बताया कि जीवन भर की कमाई एक झटके में गंवाने वाले लोगों में यदि जागरूकता आ जाए तो लोग ठगी का शिकार न हो।
साइबर फ्रॉड के लगातार बढ़ते मामले और उससे निजात पाने के कई तरीके समय समय पर बताए जाते है लेकिन फिर भी साइबर फ्राड थमने का नाम नहीं ले रहा है। फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर मित्रों से रुपये मांगने का धंधा इन दिनों काफी जोरों पर है। हनी ट्रैपिंग जैसे मामलों में लोगों को इस तरह के फ्रॉड के प्रति जागरूक रहना चाहिए। इस मौके पर विद्यालय के अध्यापक, छात्र—छात्रायें व पुलिस लाइन के कर्मचारी उपस्थित रहे।
साइबर विशेषज्ञ ओम प्रकाश जायसवाल ने ऑनलाइन ठगी से बचने के लिये बताये उपाय
-किसी भी कम्पनी का कस्टमर केयर नम्बर उसकी आधिकारिक वेबसाइट से ही लें क्योंकि साइबर ठगों ने अपने मोबाइल फोन नम्बरों को विभिन्न आनलाइन कम्पनियों के कस्टमर केयर के नाम से गूगल पर अपडेट कर रखा है।
-कोई भी बैंक अधिकारी फोन पर कभी भी एटीएम, खाते व क्रेडिट कार्ड से संबंधित जानकारी नहीं मांगता। इसलिए कभी भी फोन काल पर बैंक से संबंधित जानकारी शेयर न करें। किसी भी क्यूआर कोड से पेमेंट लेते या देते समय पूरी सतर्कता बरतते हुए यह जरूर देखें कि क्यूआर कोड पेमेंट लेने वाला है या देने वाला।
-किसी को भी मोबाइल या फ़ोन पर अपने खाते का विवरण न दें।
-आनलाइन शॉपिंग या पेमेंट करते हुए विशेष सावधानी रखें।
-फेसबुक इत्यादि सोशल साइट्स के पासवर्ड बेहद गोपनीय रखें और समय समय पर बदलते रहें।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।












