मुख्यमंत्री जी के सम्बोधन का सजीव प्रसारण सुना गया
तेजस टूडे ब्यूरो
जौनपुर। भारतीय संविधान दिवस पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश गिरीश चंद्र यादव ने डॉ. बी.आर. अम्बेडकर मूर्ति विकास योजना के अन्तर्गत ख्वासपुर स्थित मूर्ति विकास स्थल पर आयोजित शिलान्यास एवं पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री जी के सम्बोधन का सजीव प्रसारण भी सुना गया। इस दौरान राज्यमंत्री ने बाबा साहेब जी की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित करके उन्हें नमन किया तथा उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए बाबा साहेब के आदर्शों, विचारों एवं संविधान में निहित समानता, सामाजिक न्याय और बंधुत्व के मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
उपस्थित लोगों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक रूप से पाठ कराते हुए संविधान के प्रति निष्ठा एवं उसके मूल आदर्शों को आत्मसात करने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान सभी ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने तथा सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म एवं उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा एवं अवसर की समता सुनिश्चित करने के संवैधानिक मूल्यों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे। साथ ही प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने के लिए बंधुता की भावना को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
राज्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अम्बेडकर का जीवन संघर्ष, शिक्षा, समानता और सामाजिक समरसता की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने तथा समतामूलक समाज के निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह सहित अन्य अधिकारीगण एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।











