Jaunpur News : गणतंत्र दिवस परेड शिविर पटना के लिये पूविवि के 6 स्वयंसेवक रवाना
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के 6 स्वयंसेवक बीआईटी कैंपस पटना-बिहार में 15 से 24 नवंबर तक आयोजित 10 दिवसीय चयन शिविर में प्रतिभाग करने हेतु जौनपुर जंक्शन से नोडल अधिकारी डा. अजय सिंह के नेतृत्व में रवाना हुये। मालूम हो कि इस वर्ष पूर्व गणतंत्र दिवस परेड 2021 के लिए वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 6 स्वयंसेवकों का चयन हुआ है। चयनित स्वयंसेवकों में रामकुमार शुक्ला, मो.शहनवाज, अविनाश यादव, नित्या गुप्ता, अनुराधा भाटिया एवं नित्या यादव हैं।

डा. अजय सिंह नोडल अधिकारी के नेतृत्व में पटना के लिए उपरोक्त दल जौनपुर जंक्शन से रवाना हो गया। वहीं पूविवि की इस इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. निर्मला एस. मौर्य ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मुझे आशा ही नहीं, बल्कि पूर्ण विश्वास है कि हमारे विवि के अधिक से अधिक स्वयंसेवक इस शिविर से चयनित होकर गणतंत्र दिवस परेड 26 जनवरी में प्रतिभाग करके विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाएंगे। कार्यक्रम समन्वयक डा. राकेश यादव ने बताया कि इस वर्ष बीआईटी कैम्पस पटना बिहार में आयोजित पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर में विभिन्न प्रदेशों के 200 स्वयंसेवक प्रतिभाग कर रहे हैं। इसमें उत्तर प्रदेश से 54 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं जिसमें पूविवि के 6 स्वयंसेवक हैं जो विश्वविद्यालय के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। इस अवसर पर डा. राम मोहन अस्थाना कार्यक्रम अधिकारी भी उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।





